अल्पसंख्यक समुदाय की महिलाओं ने सीएम से की मुलाकात, गहलोत बोले- 'महिला सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध सरकार'
Edited By Rakesh Choudhary

Edited By Rakesh Choudhary

Rajasthan News: सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार अल्पसंख्यक वर्ग के उत्थान तथा महिला सशक्तीकरण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि महिला स्वास्थ्य के क्षेत्र में संचालित योजनाओं का ही परिणाम है कि आज राज्य में 96 प्रतिशत संस्थागत प्रसव हो रहे हैं। इसके कारण मातृ मृत्यु दर व शिशु मृत्यु दर में भी गिरावट आई है।
राज्य के प्रत्येक गरीब परिवार तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही राज्य सरकार का उद्देश्य है। इसी उद्देश्य के साथ प्रदेशभर में महंगाई राहत कैम्पों का आयोजन किया जा रहा है। सीएम गहलोत बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर विभिन्न अल्पसंख्यक वर्गों से आने वाली महिलाओं से संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संविधान में सभी वर्गों को समानता का अधिकार मिला और आजादी के 75 वर्ष बाद भी हम एकजुट हैं यही लोकतंत्र की खूबसुरती है।
सीएम ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की दूरदर्शिता के चलते आज महिलाओं को सत्ता में भागीदारी मिल रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी का जीवन महिला सशक्तीकरण का एक बेमिसाल उदाहरण है। इस दौरान गहलोत ने राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया।
महिला प्रतिनिधियों ने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी तथा महिला सशक्तिकरण की योजनाओं के लिए सीएम का आभार व्यक्त किया। इस दौरान जैन, सिख, मुस्लिम तथा ईसाई समुदाय के विभिन्न संगठनों की महिला प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे। महिला प्रतिनिधियों ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाएं अतुलनीय हैं।
शिक्षा और स्वास्थ्य आज की बुनियादी जरूरत हैं। राज्य सरकार द्वारा इन दोनों क्षेत्रों में प्राथमिकता से कार्य किया जा रहा है। राजस्थान देश का पहला ऐसा राज्य है जहां शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना, उड़ान योजना, राजीव गांधी स्कॉलरशिप फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस सहित विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं।
महिला प्रतिनिधियों ने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पंक्ति के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया। उन्होंने कहा कि महंगाई राहत कैम्पों द्वारा मिल रही राहत सराहनीय है। निशुल्क बिजली योजना तथा इंदिरा गांधी गैस सिलेंडर सब्सिडी योजना से महिलाओं को आर्थिक संबल मिल रहा है तथा लोगों की परेशानियां दूर हो रही हैं। इस दौरान विभिन्न योजनाओं की क्रियान्विति पर सुझावों का आदान-प्रदान भी हुआ।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: