बीजेपी की महिला सांसदों ने साधा गहलोत सरकार पर निशाना, कहा- 'प्रदेश में कहीं पर भी सुरक्षित नहीं है महिलाएं'
Edited By Rakesh Choudhary

Edited By Rakesh Choudhary

Rajasthan News: प्रदेश में महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों को लेकर बीजेपी की दो महिला सांसदों ने रविवार को प्रदेश मुख्यालय पर प्रेस वार्ता को संबोधित किया। राजसमंद सांसद दीया कुमारी और दौसा सांसद जसकौर मीणा ने डूंगरपुर के सरकारी स्कूल में बच्चियों के साथ किए गए गलत व्यवहार को लेकर गहलोत सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में महिलाएं और कहीं पर भी सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में बच्चियों के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया जाता हैं।
सांसद दीया कुमारी ने प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि आज प्रदेश में महिलाएं स्कूल, सड़क, अस्पताल कहीं पर भी सुरक्षित नहीं है। इस दौरान उनसे जंतर-मंतर पर धरना दे रही महिला पहलवानों के संबंध में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मामला कोर्ट में है, इसकी जांच चल रही है। ऐसे में जब तक कोई फैसला नहीं आता है। हमें किसी नतीजे पर नहीं पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी महिला के साथ अगर कुछ गलत होता है तो केंद्र सरकार उस महिला के साथ खड़ी है।
दौसा सांसद जसकौर मीणा बताया कि साल 2022 में प्रदेश में करीब 7,091 दुष्कर्म की घटनाएं हुई। दुष्कर्म के मामलों में कठोर कार्रवाई नहीं होने के कारण अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद हो रहे है और लगातार इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम दे रहे है। सांसद ने कहा कि कांग्रेस के कई मंत्रियों और विधायकाें के बेटों पर भी दुष्कर्म के आरोप है। लेकिन उन्हें जमानत मिल जाती है। कांग्रेस के विधायक अपने-अपने क्षेत्र के सीएम बनकर बैठे हैं।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: