मोमोज प्रेमियों को सावधान करने वाली एक खबर आई है। पंजाब के मोहाली में एक मोमोज फैक्ट्री की स्थिति देखकर हर कोई सन्न है। इस मोमोज फैक्ट्री के फ्रिज में कुत्ते का कटा हुआ सिर मिला है। इसके साथ ही कुछ मांस भी मिला है, जिसे जब्त कर लिया गया है और जांच के लिए भेजा गया है।
रिपोर्ट्स की मानें तो इस फैक्ट्री में मोमोज और स्प्रिंग रोल बनाए जाते थे और इन्हें विभिन्न स्थानों पर सप्लाई किया जाता था। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि कुत्ते का सिर या मांस वहां किसलिए रखा गया था? क्या मोमोज में डालकर लोगों को खिलाया गया? या वहां काम करने वालों ने इसे खाया? इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा।
दो साल से चल रही थी फैक्ट्री
जांच में फैक्ट्री में फ्रोजन मीट और क्रशर मशीन भी मिली है। मोमोज, स्प्रिंग रोल और लाल चटनी के सैंपल भी जांच के लिए लैब भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट का इंतजार है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। मोमोज और स्प्रिंग रोल बनाने की यह फैक्ट्री करीब दो साल से चल रही थी।
अधिकारियों ने बताया कि इस फैक्ट्री में 10 कर्मचारी काम करते है। छापा मारने की सूचना मिलते ही सभी मौके से फरार हो गए, पुलिस अब उनकी तलाश कर रही है।
सोशल मीडिया पर विरल हो रहे वीडियो को देखने के बाद लोगों की हालत खराब है कि जिस मोमोज को वह चाव से खाते हैं, वह इतनी गंदगी में बनाया जाता है। खराब चीजों और गंदे तरीके से बनाए गए मोमोज और स्प्रिंगरोल को वीडियो में दिखाया गया है।