Maharashtra Lok Sabha Election 2024 Results : लोकसभा चुनाव के नतीजे आने में 24 घंटे से भी कम समय बचे हैं। मतगणना से पहले महाराष्ट्र में बड़े सियासी उलटफेर के संकेत मिल रहे हैं। महाराष्ट्र के एक विधायक ने दावा किया है कि उद्धव ठाकरे एक बार फिर एनडीए में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, इसे लेकर शिवसेना (UBT) की ओर से कोई भी आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
सांसद नवनीत राणा के पति ने किया दावा
अमरावती से सांसद नवनीत राणा के विधायक पति रवि राणा ने कहा कि उद्धव ठाकरे जल्द ही पीएम नरेंद्र मोदी के साथ नजर आएंगे। वे एनडीए में वापसी कर सकते हैं। उन्होंने दावा कि एनडीए के शपथ ग्रहण समारोह के 20 दिनों के अंदर मोदी सरकार में शामिल होने के लिए उद्धव ठाकरे तैयार हैं। उन्होंने कहा कि एकनाथ शिंदे और अजित पवार को लेकर उनकी भविष्यवाणी सत्य हुई थी। इस बार भी उनका कहा सही साबित होगा।
जानें शिंदे गुट के नेता ने क्या कहा?
निर्दलीय विधायक रवि राणा ने उद्धव ठाकरे को लेकर कहा कि वे जानते हैं कि देश को आगे बढ़ाने के लिए नरेंद्र मोदी का पीएम बनना जरूरी है, इसलिए वे मोदी सरकार में शामिल होंगे। इसे लेकर एकनाथ शिंदे गुट के नेता दीपक केसरकर ने कहा कि पीएम मोदी और उद्धव ठाकरे एक साथ आएंगे या नहीं, इस बारे में वे कुछ नहीं बोलेंगे, लेकिन उद्धव ने प्रधानमंत्री से मिलने का वक्त मांगा है।
पीएम ने कहा था कि उद्धव के लिए NDA का दरवाजा खुला है
रवि राणा ने एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा था कि उद्धव ठाकरे के लिए हमेशा एनडीए का दरवाजा खुला है, क्योंकि वे बालसाहब ठाकरे के पुत्र हैं। अगर कभी उद्धव को कोई परेशानी होगी तो वे मदद के लिए सबसे पहले पहुंचेंगे। उन्हें विश्वास है कि उद्धव जरूर वापसी करेंगे।