Maharashtra MP Prashant Padole narrowly escapes: महाराष्ट्र के भंडारा-गोंदिया लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. प्रशांत यादवरावजी पडोले नागपुर बायपास पर गंभीर सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए. सौभाग्य से हादसे में वे बाल-बाल बच गए, लेकिन उनके वाहन को भारी नुकसान पहुंचा. सांसद पडोले दिल्ली में उपराष्ट्रपति पद की निर्वाचन प्रक्रिया पूरी करने के बाद आज मुंबई पहुंचे थे. मुंबई में आवश्यक कार्य संपन्न कर वे अपने निजी वाहन (फॉर्च्युनर क्रमांक MH-36 AP-9911) से भंडारा लौट रहे थे. नागपुर बायपास के उमरेड फाटे के समीप दर्दनाक हादसा हुआ.
कैसे हुआ हादसा
सांसद डॉ. पडोले ने बताया कि हादसा, सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहन के कारण उनके वाहन का संतुलन बिगड़ गया और भीषण टक्कर हो गई. इस हादसे में वाहन को भारी नुकसान हुआ है. दुर्घटना के समय वाहन में स्वयं सांसद उपस्थित थे. हादसे में डॉ. पडोले को हल्की चोटें आई हैं जबकि उनके साथ यात्रा कर रहे सहयोगी सुरक्षित हैं. घटना की जानकारी मिलते ही समर्थकों में अफरा तफरी मच गई, लेकिन उनकी हालत ठीक देख उनकी सांस में सांस आई. डॉ. पडोळे को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है.
जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
हादसे में सांसद डॉ. पडोले को हल्की चोटें आईं, लेकिन वे पूरी तरह सुरक्षित हैं. दुर्घटना की सूचना फैलते ही उनके समर्थक और कांग्रेस कार्यकर्ता अस्पताल पहुंच गए. हादसे ने एक बार फिर सांसदों और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि आंशिक तौर पर नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के बावजूद सांसद डॉ. पडोले को पर्याप्त शासकीय सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई जा रही उनका कहना है कि सरकार अब भी नहीं जागी तो यह गंभीर लापरवाही होगी. फिलहाल सांसद को प्राथमिक उपचार दिया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.