30 दिन में 3 बार बिकी 21 साल की महिला… हर 10 दिन में एक शादी, चौथी डील से पहले खाया जहर

महाराष्ट्र के बीड में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. यहां एक युवती को एक महीने में तीन बार बेचा गया और चौथी डील से पहले उसने जहर खा लिया.

Maharashtra woman trafficking case

महाराष्ट्र के बीड जिले से रूह कंपा देने वाली एक घटना सामने आई है. यहां केवल पैसों के लालच में एक 21 साल की विवाहिता को महज एक महीने के भीतर तीन अलग-अलग लोगों को बेच दिया गया. हर बार उसकी जबरन शादी कराई गई और उससे लाखों रुपये ऐंठे गए. लगातार हो रहे इस अपमान और मानसिक प्रताड़ना से टूटकर पीड़ित महिला ने जहर खाकर अपनी जान देने की कोशिश की. यह दर्दनाक मामला बीड के आष्टी तालुका का है जहां इंसानियत को शर्मसार करने वाली इस करतूत ने सबको झकझोर कर रख दिया है. फिलहाल महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.

विज्ञापन

झांसा देकर जाल में फंसाया

लातूर की रहने वाली इस पीड़िता की पहली शादी दो साल पहले हुई थी लेकिन पति के खराब बर्ताव की वजह से वह मायके में रह रही थी. इसी दौरान उसकी मुलाकात महानंदा नाम की एक महिला एजेंट से हुई. महानंदा ने उसे अच्छी जिंदगी और दूसरी शादी का झांसा देकर अपने जाल में फंसा लिया. वह युवती को पुणे ले गई और वहां अमर कालभोर नाम के व्यक्ति से 5 लाख रुपये लेकर उसकी जबरन शादी करा दी. महज 10 दिनों के बाद ही उसे वहां से निकालकर साढ़े चार लाख रुपये में किसी दूसरे व्यक्ति को बेच दिया गया. दरिंदगी का यह सिलसिला यहीं नही रुका और 4 मार्च 2026 को उसकी तीसरी बार शादी कराकर फिर से लाखों रुपये वसूले गए.

विज्ञापन

चौथी डील और जान देने की कोशिश

दो दिनों बाद यानी 6 मार्च को जब आरोपियों ने उसे फोन कर चौथी शादी के लिए तैयार रहने को कहा तो पीड़िता बुरी तरह टूट गई. बार-बार बिकाऊ वस्तु की तरह बेचे जाने के डर और भविष्य के अत्याचारों की कल्पना ने उसे भीतर से झकझोर दिया. खुद को इस नर्क से निकालने का कोई रास्ता न देख उसने जहरीली दवा पी ली. गंभीर हालत में उसे मिरजगांव के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है. युवती के इस कदम ने उस बड़े गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है जो महिलाओं को शादी के नाम पर बेचकर मोटी रकम कमा रहा है.

विज्ञापन

पुलिस की बड़ी कार्रवाई

आष्टी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य आरोपी महानंदा, उसके पति और दो अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस के मुताबिक यह एक अंतर-जिला मानव तस्करी गिरोह है जो भोली-भाली महिलाओं को अपना शिकार बनाता है. पुलिस निरीक्षक शरद ज्ञानदेव भुतेकर और उनकी टीम इस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि इस गिरोह के अन्य सदस्यों को भी पकड़ा जा सके. प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है ताकि इस तरह की अमानवीय घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Raja Alam

Raja Alam

राजा आलम वर्तमान में News 24 हिंदी (B.A.G. Network) में सीनियर सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता में चार वर्षों के अनुभव के साथ नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर बारीकी से लेखन कर रहे हैं. पत्रकारिता की नींव देश की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU), अलीगढ़ से रखी, जहां से राजा आलम ने पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद, हिंदी लेखन में गहराई को और विस्तार दिया जब राजा ने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से हिंदी साहित्य में एम.ए. की डिग्री प्राप्त की. हर रोज़ कुछ नया सीखना और पाठकों तक सही, निष्पक्ष और भरोसेमंद खबर पहुंचाना उनका मुख्य उद्देश्य रहा है. राजा के लेखन में आपको पत्रकारिता की गंभीरता के साथ-साथ पाठकों से जुड़ने वाली सरल भाषा और कंटेंट की विविधता दोनों मिलेंगे.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ