Ankush jaiswal
Read More
---विज्ञापन---
मुंबई के पायधुनी इलाके से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है. यहां एक 7 साल की मासूम बच्ची के साथ कथित तौर पर बिल्डिंग के वॉचमैन ने दुष्कर्म किया. घटना के बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश फैल गया है. मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. बच्ची अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.
यह सनसनीखेज घटना मुंबई के पायधुनी इलाके की है. पुलिस के मुताबिक आरोपी एक गोदाम में वॉचमैन के रूप में काम करता था. आरोप है कि उसने 7 साल की बच्ची को शौचालय के अंदर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. घटना की जानकारी मिलते ही बच्ची को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है.
इस घटना की खबर फैलते ही इलाके में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. सैकड़ों स्थानीय लोग पायधुनी पुलिस स्टेशन के बाहर जमा हो गए और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने कुछ समय के लिए सड़क भी जाम कर दी, जिससे यातायात प्रभावित हुआ. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा.
मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर भी पायधुनी पुलिस स्टेशन पहुंचे.
इस दौरान लोगों ने उन्हें घेरकर जल्द न्याय दिलाने की मांग की. पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर स्थिति को शांत कराया और इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखी. मुंबई पुलिस के डीसीपी (साउथ जोन-3) विजयकांत मंगेश सागर ने बताया कि बच्ची का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है और फिलहाल उसकी हालत स्थिर है. उन्होंने बताया कि गोदाम में वॉचमैन के रूप में काम करने वाले आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है. निष्पक्ष और प्रभावी जांच सुनिश्चित करने के लिए वैज्ञानिक साक्ष्य और अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ POCSO एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस वारदात में किसी और की भूमिका तो नहीं है.
विजयकांत मंगेश सागर डीसीपी, साउथ जोन-3, मुंबई पुलिस ने बताया कि ‘बच्ची अस्पताल में इलाज जारी है. डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है और उसकी हालत फिलहाल स्थिर है. एक आरोपी, जो वॉचमैन के रूप में काम करता था, उसे हिरासत में लिया गया है. उससे पूछताछ की जा रही है. मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं ताकि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा सके.’
मुंबई की इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल बच्ची का इलाज जारी है, आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है.
न्यूज 24 पर पढ़ें मुंबई, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।