Jharkhand News: रांची में ट्रैक्टर ट्राली में भेड़ बकरियों की तरह भरकर बच्चों को ले जाया गया परीक्षा केंद्र, वीडियो वायरल

Jharkhand News

रांची से विवेक चंद्र की रिपोर्टः झारखण्ड में इन दिनों दसवीं बोर्ड और इंटर की परीक्षा चल रही है ऐसे में एक तस्वीर खुब वायरल हो रही है। इस तस्वीर में युनिफॉर्म में बच्चे ट्रैक्टर ट्राली पर सवार हैं। जानकारी के अनुसार चक्रधरपुर के चैनपुर में स्थित कोल्हान आवासीय विद्यालय के 52 बच्चों को सोमवार को एक साथ एक ही ट्रेक्टर में भेड़-बकरियों की तरह लादकर परीक्षा दिलाने परीक्षा केंद्र तक ले जाया गया।

तस्वीर के सामने आने के बाद कोल्हान आवासीय विद्यालय चैनपुर की व्यवस्था पर अब सवालिया निशान खड़ा हो गया है। सरकार इस आवासीय विद्यालय की गुणवत्ता को लेकर फाइलों में तमाम दावे करती है।

स्कूल प्रबंधक की लापरवाही आई सामने

ट्रैक्टर ट्राली पर इस तरह से छात्रों को लादकर परीक्षा केंद्र तक ले जाना सुरक्षा की दृष्टिकोण से भी घातक है। ऐसे में आप अंदाजा लगा सकते हैं कि स्कूल प्रबंधन इन छात्रों को लेकर कितना जागरूक हैं। वह भी तब जब ट्रेक्टर को सवारी गाड़ी की तरह इस्तेमाल करने पर सरकार ने रोक लगा रखी है।

नेतरहाट की तर्ज पर बना है यह विद्यालय

चक्रधरपुर कोल्हान आवासीय विद्यालय को सरकार ने नेतरहाट विद्यालय की तर्ज पर विकसित करने की बात कही थी। यह कहा गया था कि यहां पढ़ने वालों को नेतरहाट आवासीय विद्यालय की तरह सभी सुविधाएं मिलेंगी।

इस स्कूल का मकसद अत्याधुनिक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना है पर छात्रों को ट्रेक्टर ट्राली पर लादकर परीक्षा दिलाने की तस्वीर ने यहां की व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है।

अधिकारी बोले – दोषियों पर की जाएगी कार्रवाई

तस्वीरें वायरल होने के बाद चक्रधरपुर के प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी अविनाश कुमार राम कहते हैं कि विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को परीक्षा केंद्र तक ले जाने के लिए सरकार द्वारा फंड उपलब्ध कराया गया है इसके बाद भी वहां के वार्डन द्वारा अगर ट्रैक्टर में बच्चों को परीक्षा केंद्र ले जाया गया है तो यह ग़लत है। इस मामले को संज्ञान में लेकर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ