Hemant Soren on Vimal Lakra Health: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इलाजरत पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी विमल लकड़ा के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को निर्देश दिया कि इलाजरत पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी विमल लकड़ा को हर जरूरी चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करवाते हुए उन्हें सूचित करें। हेमंत सोरेन ने एक्स में माध्यम से कहा कि झारखंड सरकार विमल लकड़ा जी के साथ पूरी तरह खड़ी है। उनके परिवार को भरोसा दिलाया कि इलाज में किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
बेहतर से बेहतर इलाज किया जाए
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंत्री सुदिव्य कुमार को निर्देश दिया था कि वे अस्पताल जाकर इलाजरत पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी विमल लकड़ा से मुलाकात करें। मंत्री सुदिव्य कुमार ने एक्स के माध्यम से बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री जी के निर्देश पर अस्पताल जाकर इलाजरत पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी विमल लकड़ा एवं उनकी पत्नी से मुलाकात की। उन्होंने डॉ. संजय से विमल लकड़ा के सेहत और इलाज की स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि उन्हें बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए।
खेत में बेहोश मिले थे बिमल लकड़ा
पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी बिमल लकड़ा सोमवार को खेत में बेहोश मिले थे, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए रांची के क्यूरेसेटा हॉस्पिटल में भर्ती किया गया। हॉकी झारखंड के उपाध्यक्ष और सिमडेगा हॉकी के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने जानकारी दी कि बिमल लकड़ा गांव में अपने खेत गए थे, जहां वह बेहोश हो गए।
45 साल के बिमल लकड़ा को प्राथमिक चिकित्सा के लिए कुरड़ेग लाया गया, जहां से उन्हें सिमडेगा सदर अस्पताल रेफर किया गया। सिमडेगा में उनका सिटी स्कैन हुआ, जिसमें उनके सिर में खून का थक्का दिखाई दिया। डॉक्टरों की सलाह के बाद उन्हें रांची लाया गया। उन्हें क्यूरेसेटा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।