राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य पर गुजरात में शिक्षकों के लिए बड़ी खबर है। राज्य स्तर और राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ शिक्षक का पुरस्कार जीतने वाले शिक्षकों को गुजरात राज्य सड़क परिवहन निगम (एसटी) बसों में फ्री सफर की सुविधा मिलेगी। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने फैसला लिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। शिक्षकों के लिए यह बड़े फैसले के रूप में देखा जा रहा है।
सीएम ने 30 शिक्षकों को किया था सम्मानित
गत शुक्रवार को अहमदाबाद में शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार समारोह में सीएम भूपेंद्र पटेल ने 30 शिक्षकों को सम्मानित किया था। वहीं 5 उत्कृष्ट विद्यार्थियों को भी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस मौके पर सीएम ने कहा था कि शिक्षक बचपन से ही छात्रों में स्वदेशी और “राष्ट्र पहले” के मूल्यों को स्थापित करें, ताकि आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण को साकार करने में मदद मिल सके।
957 शिक्षकों को मिलेगा लाभ
प्रदेश में अब तक राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर 957 शिक्षक सर्वश्रेष्ठ शिक्षक का पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं। सीएम के फैसले का इन्हें फायदा मिलेगा। इन्हें राज्यभर और राज्य के बाहर जहां भी गुजरात रोडवेज की बस चलती हैं, फ्री यात्रा का लाभ मिलेगा।
सीएम ने शिक्षकों को दी सीख
सीएम पटेल ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि माता-पिता के बाद, बच्चों के मन पर शिक्षिकों का सबसे ज्यादा प्रभाव होता है। सीएम ने शिक्षक और छात्र के बीच स्नेह के रिश्ते पर जोर दिया। साथ ही शिक्षकों से आग्रह किया कि वे विकसित गुजरात के माध्यम से विकसित भारत के विजन में योगदान देकर भावी पीढ़ी को आकार दें। सीएम ने कहा कि जीवन में किसी भी कार्य को छोटा नहीं समझना चाहिए। सच्ची शिक्षा का अर्थ हमें सौंपे गए कर्तव्यों को ईमानदारी से पूरा करने में निहित है। कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की सबसे मजबूत नींव होती है।