गुजरात में शिक्षा जगत को शर्मसार कर देने वाला मामला, 500 रुपये देकर छात्र को भेजा था शराब लाने

Gujarat News: गुजरात के गिर सोमनाथ जिले के खापट गांव से शिक्षा जगत को शर्मसार करने वाली खबर आई है। आरोप है कि सरकारी स्कूल के शिक्षक ने 7वीं के छात्र को 500 रुपये का लालच देकर शराब मंगवाई। मामला उजागर होने पर आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर उसके खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है।

gujarat education deparment

photo credit: AI

Gujarat News: गुजरात के गिर सोमनाथ जिले से शिक्षा के मंदिर को कलंकित कर देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। खापट गांव के एक सरकारी प्राथमिक स्कूल में तैनात शिक्षक पर कक्षा 7 के छात्र से शराब मंगवाने का सनसनीखेज आरोप लगा है। इस खुलासे के बाद से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी शिक्षक ने 7वीं में पढ़ने वाले एक मासूम छात्र को 500 रुपये देकर गांव की ही एक दुकान से शराब खरीदकर लाने के लिए भेजा था। जून महीने में जब यह बात स्कूल के प्रधानाचार्य के संज्ञान में आई, तो उन्होंने छात्र को भरोसे में लेकर पूरे मामले की पूछताछ की। पूछताछ के दौरान छात्र ने जो खुलासा किया, उसने सभी को हैरान कर दिया।

विज्ञापन

पहले भी कई बार मंगवा चुका था शराब

छात्र ने बताया कि यह कोई पहली बार नहीं था। इससे पहले भी आरोपी शिक्षक उसे तरह-तरह के लालच देकर कई बार गांव से शराब मंगवा चुका था। छात्र की बातें सुनकर प्रधानाचार्य ने तुरंत इसकी लिखित शिकायत तालुका शिक्षा अधिकारी से की और शिक्षक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

विज्ञापन

दुकानदार फरार, शिक्षक पर गिरी गाज

जांच में पता चला कि शराब गांव की ‘राज पान सेंटर एंड कोल्ड्रिंक्स’ नाम की दुकान से खरीदी जाती थी। मीडिया की टीम जब मौके पर पहुंची तो दुकान संचालक अपनी दुकान बंद करके वहां से फरार हो चुका था।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तालुका शिक्षा अधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया। प्रधानाचार्य के निर्देश पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ तत्काल पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। साथ ही विभाग ने आरोपी शिक्षक को तुरंत निलंबित कर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की कानूनी जांच कर रही है।

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ