गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को बड़ा विमान हादसा हो गया। एअर इंडिया की फ्लाइट दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें पायलट और क्रू मेंबर समेत 242 यात्री सवार थे। पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक का दावा है कि इस हादसे में सभी लोगों की जान चली गई। हालांकि, अब जानकारी सामने आई है कि इस विमान हादसे में एक शख्स की जान बच गई है। इस बीच अब पीड़ित परिवार वालों के वीडियोज भी सामने आए हैं, जिसमें उनका बुरा हाल नजर आ रहा है।
पीड़ित परिवारों का बुरा हाल
एअर इंडिया विमान हादसे में पीड़ित परिवारों के जो वीडियो सामने आए हैं, उनमें वो रोते-बिलखते नजर आ रहे हैं। पीड़ित परिवारवालों ने प्रशासन से गुहार लगाई है। एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक शख्स कह रहा है कि मेरी बहन और बहनोई दोनों अंदर हैं, लेकिन हमें जाने नहीं दिया जा रहा। सब रास्ते बंद कर दिए गए हैं। शख्स ने कहा कि मेरी भांजी ने फोन करके बताया कि मेरे मम्मी-पापा प्लेन में हैं।
रो-रोकर शख्स का बुरा हाल
ANI, ने एक और वीडियो शेयर किया है, जिसमें एक शख्स रोता नजर आ रहा है। शख्स रोते-बिलखते मीडिया के कैमरे के सामने अपनी बात कह रहा है। इसके बाद शख्स रोते हुए अधिकारियों से अंदर जाने देने की विनती करता नजर आ रहा है। हालांकि, सभी उसको समझाने की कोशिश कर रहे हैं और धीरज दे रहे हैं, लेकिन शख्स का बेहद बुरा हाल नजर आ रहा है।
सरप्राइज देने जा रहे थे पेरेंट्स
इसके अलावा एक और वीडियो एनएनआई ने शेयर किया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक महिला नजर आ रही हैं, जो बता रही है कि मेरी ननद और ननदोई थे, जो अपनी बेटी के पास जा रहे थे। महिला ने कहा कि वो सरप्राइज देने के लिए जा रहे थे, वो लोग लंदन रहते हैं और ये लोग उनसे मिलने जा रहे थे। वीडियो में अन्य और भी लोग नजर आ रहे हैं।