Bomb Threat In Spicejet Flight : देश की राष्ट्रीय राजधानी के हवाई अड्डे पर हड़कंप मच गया। स्पाइसजेट की एक फ्लाइट को बम से उड़ाने की मिली। इसके बाद दिल्ली आईजीआई एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया। हालांकि, दरभंगा से उड़ान भरा यह विमान सुरक्षित दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड कर गया है।
दिल्ली आईजीआई एयरपोर्ट के कंट्रोल रूम में एक फोन आया। फोन करने वाले शख्स ने दरभंगा से दिल्ली आने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट SG 8946 को बम से उड़ाने की धमकी दी। उसने कहा कि विमान में बम है। इसकी सूचना मिलते ही दिल्ली एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित कर दी गई।
दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा विमान
दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड होने के बाद पहले प्लेन से यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और फिर विमान को रनवे से दूर एक खाली स्थान पर ले जाया गया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की गहनता से तलाशी ली। जब विमान में कुछ नहीं मिला तो सुरक्षा एजेसियों ने राहत की सांस ली।
जांच के बाद बम की सूचना निकली फर्जी
स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने कहा कि जब धमकी भरा फोन आया था तब यह फ्लाइट दिल्ली में लैंड करने वाली थी। हालांकि, विमान में जांच के बाद यह फोन फर्जी पाया गया। सुरक्षा एजेंसियां फोन करने वाले आरोपी का पता लगा रही हैं। दिल्ली में इस वक्त गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारी जोरशोर से चल रही है। ऐसे में धमकी भरे फोन कॉल के बाद राजधानी में संदिग्धों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।