EC Reply To Arvind Kejriwal Allegations : दिल्ली में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इसे लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया है कि चुनाव से पहले वोटर लिस्ट से मतदाताओं का नाम काटा जा रहा है। अरविंद केजरीवाल के आरोपों पर चुनाव आयोग की सफाई सामने आई है। आइए जानते हैं कि फाइनल वोटर लिस्ट कब होगी जारी?
चुनाव आयोग ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आरोपों पर कहा कि दिल्ली के लिए फाइनल वोटर लिस्ट 6 जनवरी को जारी होगी। उन्होंने कहा कि वोटर सूची में बदलाव होता रहता है, जिसकी प्रक्रिया अभी चल रही है। केजरीवाल ने जिस वोटर लिस्ट का हवाला दिया है, उस पर इलेक्शन कमीशन ने साफ कर दिया कि 29 अक्टूबर को उस वोटर लिस्ट का ड्रॉफ्ट जारी किया गया था।
1 जनवरी तक की अर्जियों का होगा निपटारा
उन्होंने आगे कहा कि 29 अक्टूबर से लेकर 28 नवंबर तक एक महीने में मिली अर्जियों का निपटारा 24 दिसंबर तक किया गया। 1 जनवरी तक की अर्जियों को लेकर वोटर लिस्ट में शामिल किया जाएगा और फिर 6 जनवरी को फाइनल सूची जारी की जाएगी।
जानें अरविंद केजरीवाल ने क्या लगाया आरोप?
आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि इस बार के चुनाव में भाजपा का फर्जी वोटिंग कराने का प्लान है। पिछले 15 दिनों में नई दिल्ली विधानसभा में अचानक 10 हजार वोटर बढ़ गए। उन्होंने चुनाव आयोग से इसकी शिकायत की। केजरीवाल ने दावा किया कि भाजपा ने संजय सिंह की पत्नी का वोट काटने के लिए आवेदन दिया।