दिल्ली के लुटियंस में कार ने रिक्शा चालक को टक्कर मारी, 300 मीटर तक घसीटा; आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार

Rajasthan News

Delhi Lutyens Accident: दिल्ली के लुटियंस में मंगलवार को एक कार ड्राइवर ने रिक्शा चालक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद रिक्शा कार में फंस गया और करीब 300 मीटर दूर तक घसीटता चला गया। पुलिस ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस ने बताया कि कंजावाला हिट-एंड-ड्रैग मामले की तरह एक और घटना सामने आई है।पुलिस ने बताया कि कार चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी कार ड्राइवर की पहचान 25 साल के फरमान के रूप में हुई है, जिसका कुछ यात्रियों ने 300 मीटर से अधिक पीछा किया था। बाद में कार के ड्राइवर को पकड़ लिया गया। पुलिस ने बताया कि घटना फिरोजशाह रोड की है। उधर, रिक्शा चालक को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया और उसका इलाज चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने दी ये जानकारी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार ड्राइवर तेज गति से कार लेकर आया और उसने रिक्शा को पीछे टक्कर मार दी। चश्मदीद विनोद ने कहा, “मैं अपने स्कूटर से कही जा रहा था। इसी दौरान एक कार तेज गति से मेरे पास से गुजरी और इससे पहले कि मैं कुछ समझ पाता, कार ने आगे खड़े एक रिक्शा को टक्कर मार दी।” विनोद ने कहा कि टक्कर के बाद रिक्शा चालक अपनी सीट से गिर गया और कार को पकड़ लिया, जो उसे 300 मीटर तक घसीटती चली गई।”

दिल्ली पुलिस ने एक बयान में कहा, “मंगलवार शाम को एक कार ने रिक्शा को टक्कर मार दी जिसके बाद रिक्शा चालक काफी दूर तक घसीटता चला गया। कार चला रहे आरोपी फरमान को कुछ यात्रियों ने पकड़ लिया और उसे पुलिस को सौंप दिया। वह गाजियाबाद का रहने वाला है।’

कंझावाला केस की फिर आई याद

बता दें कि इसी साल एक जनवरी की रात इससे मिलती-जुलती घटना सामने आई थी। बाहरी दिल्ली के कंझावला में स्कूटर पर सवार 20 साल की अंजलि सिंह को एक बलेनो कार ने टक्कर मार दी थी, जिसके बाद अंजलि स्कूटी समेत कई किलोमीटर तक घसीटती चली गई थी। बाद में अंजलि सड़क पर मृत पाई गई थी। घटना के समय कथित तौर पर कार में सवार पांच युवकों को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया था।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

होम पेज पर वापस जाएँ