Bihar News : बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले चार सीटों पर उपचुनाव होना है। इससे पहले उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) को बड़ा झटका लगा। उनकी पार्टी के दो वरिष्ठ नेताओं ने एक साथ आरएलएम से इस्तीफा दे दिया। आइए जानते हैं कि क्या है इसकी वजह?
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुशवाहा और प्रदेश महासचिव डॉ. परमानंद कुशवाहा ने सोमवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद अजय कुशवाहा ने आरोप लगाया कि रालोमो में बेलागंज विधानसभा उपचुनाव को लेकर कोई निर्णय नहीं होने से असंतोष की स्थिति है। पार्टी में अनुशासनहीनता चरम पर है।
परमानंद कुशवाहा ने क्या कहा?
वहीं, डॉ. परमानंद कुशवाहा ने कहा कि कुर्था विधानसभा क्षेत्र से चुनाव तैयारी को लेकर पार्टी से त्यागपत्र दिया है। इससे लेकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से बात की थी, लेकिन कोई रिजल्ट नहीं निकला। इसके बाद उन्होंने अपने समर्थकों से बात की और फिर पार्टी से इस्तीफा दे दिया।
इन 4 सीटों पर होना है उपचुनाव
आपको बता दें कि बिहार की चार विधानसभा सीटों पर कभी भी उपचुनाव की तारीखों का ऐलान हो सकता है, जिसमें तरारी, रामगढ़, इमामगंज और बेलागंज सीटें आती हैं। विधायकों के सांसद चुने जाने के बाद यह सीटें खाली हो गईं।