Gyanendra Sharma
Read More
---विज्ञापन---
नई दिल्ली: कॉमनवेलथ गेम्स में भारत रेसलर्स ने अपने दांव से दुनिया को दहला दिया है। गेम्स के आठवें दिन 5 अगस्त को भारत ने छह मेडल अपने नाम किए। सभी मेडल रेसलिंग में आए। पहलवान बजरंग पूनिया, दीपक पूनिया और साक्षी मलिक ने स्वर्ण जीता। अंशु मलिक ने रजत जीता। वहीं, दिव्या काकरन और मोहित ग्रेवाल ने कांस्य जीता। अब तक भारतीय एथलीट 26 पदक अपनी झोली में डाल चुके हैं। इनमें 9 स्वर्ण, 8 रजत और 9 ब्रॉन्ज मेडल हैं।
बजरंग की बाजी ने दिलाया गोल्ड
बजरंग पुनिया ने कॉमनवेल्थ गेम्स में लगातार तीसरी बार गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने फ्रीस्टाइल 65 किग्रा वर्ग में कनाडा के लचलान मैकनिल को 9-2 से हराया। पहले हाफ में ही बजरंग ने आक्रमक खेल दिखाया और चार अंकों का बढ़त बना लिया। दूसरे हाफ में मैकलीन ने 2 अंक लिए पर बजरंग ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया।
अंशु मलिक ने जीता सिल्वर
भारत की पहलवान अंशु मलिक को फ्रीस्टाइल 57 किग्रा वर्ग में सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। उन्हें फाइनल में नाइजीरिया की ओडानायो फोलासाडो 3-7 से हराया। कॉमनवेल्थ गेम्स में ओडुनायो का यह लगातार तीसरा गोल्ड मेडल रहा। हार के बाद अंशु काफी निराश दिखाई दी।
साक्षी ने रचा इतिहास
साक्षी मलिक ने इतिहास रच दिया। कॉमनवेल्थ गेम्स में उन्होंने पहली बार स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है। साक्षी ने फ्रीस्टाइल 62 किग्रा वर्ग में कनाडा की एन्ना गोडिनेज गोंजालेज को हराया। साक्षी ने पहले विपक्षी खिलाड़ी को चित्त कर चार अंक हासिल किए। उसके बाद पिनबॉल से जीत हासिल की। साक्षी इससे पहले राष्ट्रमंडल खेलों में रजत (2014) और कांस्य पदक (2018) जीत चुकी थीं।
दीपक पूनिया ने पाकिस्तान के पहलवान को पटका
दीपक पूनिया ने 86 किग्रा भारवर्ग के फाइनल में पाकिस्तानी पहलवान मोहम्मद इनाम बट को 3-0 हराकर भारत की झोली में गोल्ड मेडल डाला। इनाम के खिलाफ पूनिया ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। राष्ट्रमंडल खेलों में दीपक पूनिया का पहला पदक है।
दिव्या- मोहित ने भी दिलाए मेडल
पहलवान दिव्या काकरन बर्मिंघम से भी खाली हाथ नहीं लौटेंगी। उन्होंने फ्रीस्टाइल 68 किग्रा वर्ग में टोंगा की लिली कॉकर को 2-0 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीता। उन्होंने यह मैच सिर्फ 30 सेकंड में अपने नाम कर लिया। दिव्या ने एशियाई खेलों (2018) में भी कांस्य पदक जीता था। वहीं, पुरुषों के 125 किग्रा भारवर्ग में मोहित ग्रेवाल ने जमैका के जॉनसन को मात देकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया है।
न्यूज 24 पर पढ़ें स्पोर्ट्स, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।