Logan Paul Warns John Cena: WWE Clash in Paris के लिए फैंस बहुत ज्यादा उत्साहित हैं। इसका आयोजन फ्रांस के पेरिस में देखने को मिलेगा। इवेंट में जॉन सीना नजर आने वाले हैं और उनका सामना लोगन पॉल से होने वाला है। सोशल मीडिया स्टार को जॉन जैसे दिग्गज से लड़ने का मौका मिल रहा है, जो एक बड़ी बात है। अब लोगन ने सीना को खुली चेतावनी दे दी है और उनके खिलाफ जीत दर्ज करने का दावा किया है।
WWE दिग्गज जॉन सीना को मिली खुली धमकी
इमपॉलसिव पॉडकास्ट पर लोगन पॉल ने जॉन सीना के खिलाफ अपने मैच के बारे में बात की। उन्होंने सीना की बेइज्जती की और बताया कि वो WWE में रहने के हकदार हैं। उन्होंने सीना के खिलाफ जीत दर्ज करने का दावा किया और कहा, ‘जॉन सीना, 31 अगस्त को पेरिस में मैं आपको हराऊंगा। बड़े भाई, संभलकर रहना। मैं उन्हें पेरिस में सभी के सामने हराने के लिए उन चीजों का उपयोग करूंगा, जो उन्होंने मुझे सिखाई है। खास बात ये है कि मुझे उनसे फ्रांस में पूरी दुनिया के सामने लड़ने का मौका मिलेगा। यह मेरा WWE में सिर्फ चौथा साल है। बकवास मत करो। मैं बाहर से नहीं आता। मैं यहां रहने का हकदार हूं। मैं 31 अगस्त को क्लैश इन पेरिस में सभी को दिखाने के लिए तैयार हूं।’
जॉन सीना अपने रिटायरमेंट के करीब हैं
जॉन सीना ने जनवरी 2025 से अपने रिटायरमेंट टूर की शुरुआत की। वो दिसंबर में अपने करियर का अंत कर देंगे। सीना ने अपने इस टूर के दौरान कई सारे दिग्गजों का सामना किया है। सीना हाल ही में SummerSlam 2025 में अनडिस्प्यूटेड WWE चैंपियनशिप गंवा बैठे। उनका बेबीफेस टर्न हो चुका है और अब वो लोगन के खिलाफ काम करते हुए नजर आएंगे। सीना अपने करियर के अंतिम साल में अलग-अलग रेसलर्स को आगे लाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी बीच सीएम पंक और रैंडी ऑर्टन जैसे पूर्व विरोधियों के साथ भी उन्हें रिंग शेयर करने का मौका मिला है। अब देखना होगा कि जॉन आने वाले कुछ महीनों में किन-किन रेसलर्स का सामना करते हैं।