WWE: WWE में एक युग का अंत हो गया है. गोल्डबर्ग ने हाल ही में रिटायरमेंट मैच लड़कर करियर खत्म किया. Saturday Night’s Main Event में गोल्डबर्ग का मैच गुंथर के साथ वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियनशिप के लिए हुआ था. दोनों के बीच करीब 15 मिनट का मैच रहा. अंत में गुंथर ने गोल्डबर्ग को हराकर टाइटल रिटेन किया. खैर शो के बाद ट्रिपल एच विवादों में आ गए. दरअसल WWE ने गोल्डबर्ग की फेयरवेल स्पीच को लाइव ना दिखाकर बीच में ही काट दिया. इस बात से फैंस गुस्से में आ गए थे. गोल्डबर्ग ने अब द गेम के साथ अपने रिलेशन को लेकर बयान दिया है.
WWE दिग्गज गोल्डबर्ग ने क्या कहा?
वैसे WWE ने गोल्डबर्ग की रिटायरमेंट स्पीच बीच में काट कर उनका अपनाम किया. यह बात खुद गोल्डबर्ग ने भी कही कि उन्हें बहुत गुस्सा आया था. गोल्डबर्ग ने यह भी कहा कि WWE द्वारा द अंडरटेकर और जॉन सीना के साथ ऐसा नहीं किया जाता. उन्होंने एक तरह से ट्रिपल एच और WWE के ऊपर निशाना साधा.
एरियल हेलवानी को दिए गए इंटरव्यू में गोल्डबर्ग ने ट्रिपल एच के साथ अपने रिश्ते को उजागर किया. उन्होंने कहा,”हम कम ही बात करते हैं. मुझे लगता है कि हमारे बीच रिलेशन अच्छा है. हल्के शब्दों में कहूं तो हमारे करियर के दौरान यह उतार-चढ़ाव भरा रहा. लेकिन आप जानते हैं कि बात यहीं पर खत्म होती है यार. यह ट्रिपल एच हैं”.
फेयरवेल स्पीच में भावुक हुए गोल्डबर्ग
गोल्डबर्ग का 28 साल का रेसलिंग करियर जबरदस्त रहा. पहले उन्होंने WCW में अपने जौहर दिखाए. अपने विरोधियों को वह मिनटों में ही ढेर कर देते थे. उनका सामना कर पाना हर किसी के बस की बात नहीं होती थी. आज भी गोल्डबर्ग के पुराने मैचों को फैंस याद करते हैं. WWE में रिटायरमेंट मैच लड़ने के बाद गोल्डबर्ग भावुक हो गए थे. उन्होंने फैंस से माफी मांगते हुए कहा,”मुझे नहीं लगता कि मैं अटलांटा में कभी हारा हूं. इसलिए थोड़ा कमजोर प्रदर्शन के लिए मैं माफी चाहता हूं. मेरे 100 से ज्यादा दोस्त और परिवार के लोग दुनियाभर से आए हैं. मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि आप सभी का जितना शुक्रिया अदा करूं कम है. अटलांटा के फैंस आप वाकई कमाल के रहे हैं. मैं आपसे प्यार करता हूं. आपके बिना मैं यह नहीं कर पाता”.