WWE: WWE SmackDown के इस हफ्ते के एपिसोड का अंत गजब के अंदाज में हुआ. कोडी रोड्स ने जॉन सीना की हालत खराब कर दी. सीना और कोडी के बीच SummerSlam 2025 में होने वाले अनडिस्प्यूटेड WWE चैंपियनशिप मैच के लिए कॉन्ट्रैक्ट साइन सैगमेंट हुआ. सीना ने कहा कि वह SummerSlam 2025 का हिस्सा मूवी शूट के कारण नहीं बनेंगे. इसके बाद कोडी को गुस्सा आ गया और उन्होंने सीना पर हमला कर कॉन्ट्रैक्ट पर जबरदस्ती साइन करा लिए. खैर अब शो ऑफ-एयर होने के बाद एक वीडियो सामने आया, जिसके जरिए पता चल रहा है कि फैंस ने सीना के साथ क्या किया.
WWE SmackDown ऑफ-एयर होने के बाद क्या हुआ?
SmackDown में कोडी रोड्स ने पहले जॉन सीना के ऊपर टाइटल से हमला किया. इसके बाद उन्होंने टॉप रोप से टेबल पर लेटे दिग्गज के ऊपर डाइव भी लगाई. इस दौरान कोडी के हाथ में कॉन्ट्रैक्ट भी था. रोड्स ने फिर सीना का हाथ पकड़ा और उनके साइन करा लिए. रोड्स ने यह भी कहा कि अब उनके और सीना के बीच SummerSlam 2025 में स्ट्रीट फाइट मैच होगा.
SmackDown ऑफ-एयर होने के बाद सीना ने WWE टाइटल अपने हाथों में लिया और रिंग एप्रन पर बैठ गए. फैंस ने वहां पर दरियादिली दिखाई और थैंक यू सीना के चैंट्स लगाए. सीना ने फिर क्राउड को देखा और अपनी पीठ पर टाइटल लटका कर भारी तालियों के बीच बैकस्टेज चले गए.
क्या SummerSlam 2025 में जॉन सीना की खत्म होगी बादशाहत?
कुछ महीने पहले WrestleMania 41 में जॉन सीना ने कोडी रोड्स को हराकर अनडिस्प्यूटेड WWE चैंपियनशिप अपने नाम की थी. सीना ने कोडी को 378 दिनों के टाइटल रन का अंत किया था. उन्होंने अपने करियर में 17वीं बार वर्ल्ड चैंपियन बनकर इतिहास भी रचा. चैंपियन बनने के बाद से सीना अभी तक रैंडी ऑर्टन, आर-ट्रुथ और सीएम पंक को हरा चुके हैं. उनके सामने अब एक बार फिर से रोड्स की चुनौती है. रोड्स ने हाल ही में किंग ऑफ द रिंग टूर्नामेंट का फाइनल मैच जीतकर सीना के खिलाफ टाइटल शॉट प्राप्त किया. सीना का रिटायरमेंट टूर चल रहा है तो फिर उनका लंबे समय तक चैंपियन बने रहना मुश्किल है. इस लिहाज से देखा जाए तो SummerSlam 2025 में उनका टाइटल रन खत्म हो सकता है.