Becky Lynch: WWE Raw का आगामी एपिसोड मजेदार होने वाला है. फैंस को तगड़े मुकाबले और सैगमेंट्स देखन को मिलेंगे. कंपनी ने कुछ ऐलान पहले ही कर दिए थे. अब एक और बड़े मैच की जानकारी सामने आ गई है. बैकी लिंच अपनी विमेंस इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियनशिप को दिग्गज नटालिया के खिलाफ दांव पर लगाने वाली हैं. नटालिया ने खुद इस बारे में फैंस को बताया है. अब Clash In Paris 2025 से पहले WWE को नया चैंपियन मिल सकता है.
WWE Raw में होगा बड़ा मैच
WWE Raw में बैकी लिंच की राइवलरी निकी बैला के साथ चल रही है. नटालिया और मैक्सिकन डुप्री के साथ भी बैकी की दुश्मनी है. रेड ब्रांड के लेटेस्ट एपिसोड में बैकी ने डुप्री के ऊपर जीत हासिल की थी. डुप्री ने बैकी को अच्छी टक्कर दी थी. नटालिया ने खुद मैच की मांग की थी लेकिन बैकी ने डुप्री का नाम लिया था. अब इनकी दुश्मनी और आगे बढ़ने वाली है. नटालिया ने आगामी शो को लेकर बड़ा ऐलान किया है.
नटालिया ने AAA TripleMania XXXIII में भी अपना जलवा दिखाया. उन्होंने सोशल मीडिया पर संदेश देते हुए कहा कि 18 अगस्त को Raw में बैकी लिंच के खिलाफ अपने मैच का ऐलान किया. नटालिया ने लिखा,”TripleMania XXXIII में इतिहास रचने जा रही हूं. इसके बाद Raw में बैकी लिंच के खिलाफ इतिहास रचने जा रही हूं. इन दिनों इतना कुछ चल रहा है कि काश मैं खुद को दो हिस्सों में बांट पाती. लेकिन शायद मैं कर सकती हूं…शायद मैं कर भी चुकी हूं”.
बैकी लिंच ने कब जीती चैंपियनशिप?
इस साल की शुरुआत में लायरा वैल्किरिया WWE की पहली विमेंस इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियन बनी थीं. 145 दिन तक उनका टाइटल रन चला था. कुछ महीने पहले हुए Money in the Bank इवेंट में लायरा की बादशाहत बैकी लिंच ने खत्म की थी. लिंच को चैंपियन के रूप में 70 दिन से ज्यादा हो गए हैं. हाल ही में हुए SummerSlam 2025 में बैकी ने लायरा को हराकर टाइटल रिटेन किया था. अब उनकी अगली चुनौती नटालिया हैं. देखना होगा कि दिग्गज के खिलाफ वह टाइटल रिटेन कर पाएंगी या नहीं.