IND vs SA Guwahati Test: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है. सीरीज का दूसरा मुकाबला 22 नवंबर से गुवाहाटी में खेला जा रहा है. तीसरे दिन भारतीय बल्लेबाजों ने खराब प्रदर्शन किया और 489 रनों का पीछा करते हुए 202 रनों पर पहली पारी में सिमट गए. साउथ अफ्रीका ने 288 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी. हालांकि इतनी बड़ी बढ़त हासिल करने के बाद भी साउथ अफ्रीका ने भारत को फॉलोऑन क्यों नहीं दिया? आइए जानते हैं इसकी पीछे की वजह.
साउथ अफ्रीका ने क्यों नहीं दिया फॉलोऑन?
288 रनों की बढ़त हासिल करने के बाद भी साउथ अफ्रीका ने भारत को फॉलोऑन नहीं दिया. आमतौर पर विशाल बढ़त हासिल करने के बाद टीमें फॉलोऑन दे देती हैं. इससे एक पारी से जीत हासिल करने का भी मौका होता है. लेकिन बावुमा ने भारत को फॉलोऑन नहीं दिया. दरअसल भारत की पारी खत्म होने के बाद बावुमा अपने ड्रेसिंग रूम की ओर भागे थे. उन्होंने अंपायर से 2 मिनट का समय भी मांगा था. इसके बाद बावुमा ने भारत को फॉलोऑन न देते हुए अपनी टीम को बल्लेबाजी करने का इशारा किया. दरअसल भारतीय पिचों पर चौथी पारी में बल्लेबाजी करना कठिन माना जाता है. पिच से उछाल कम हो जाती है और फिरकी गेंदबाजों की गेंदें अधिक घूमती हैं. इस वजह से शायद बावुमा ने भारत को फॉलोऑन नहीं दिया.
भारत पर क्लीन स्वीप का मंडराया खतरा
कोलकाता में खेले गए पहले मैच में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा था. अब गुवाहाटी में खेले जा रहे मुकाबले में भी भारतीय टीम काफी पीछे है. साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में 151.1 ओवर में 489 रन बनाए थे, जिसके जवाब में भारतीय टीम 83.5 ओवर में 201 रनों पर सिमट गई. फिर साउथ अफ्रीका ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 8 ओवर में बिना किसी नुकसान के 26 रन बना लिए हैं. साउथ अफ्रीका के पास फिलहाल 314 रनों की बढ़त है. भारत इस मैच में काफी पीछे है. ऐसे में अब टीम इंडिया पर क्लीन स्वीप का खतरा मंडरा रहा है.