IND vs SA: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी. पहला मुकाबला रांची में होगा. 30 नवंबर को पहला मुकाबला खेला जाना है. विराट कोहली भी पहले मैच के लिए रांची पहुंच गए हैं. उन्होंने पसीने बहाना शुरू भी कर दिए हैं. इसी बीच सोशल मीडिया पर किंग कोहली का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्हें फिटनेस की चिंता सता रही है.
विराट कोहली का वीडियो वायरल
भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली रांची पहुंचने से पहले मुंबई में थे. इस दौरान वह एक कार्यक्रम में शामिल हुए. इस कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेता और कॉमेडियन सुनील ग्रोवर भी मौजूद थे. इस दौरान ग्रोवर कपिल देव की नकल कर रहे थे. इस पर विराट कोहली जोर-ज़ोर से हंस रहे थे. वह अपनी हंसी नहीं रोक पाए. इस दौरान वह पसली पकड़कर हंस रहे थे. ऐसे में गौरव कपूर ने मजेदार टिप्पणी की. उन्होंने कहा, भाई दो दिन में मैच खेलना है. पसली मत तोड़ देना, हंस-हंस के.
एमएस धोनी से मिले कोहली
विराट कोहली का रांची में जोरदार स्वागत हुआ. टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी सौरभ तिवारी उन्हें रिसीव करने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे. दोनों एक साथ अंडर-19 भारत और आरसीबी का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. इसके अलावा कोहली एमएस धोनी के घर भी पहुंचे थे. दोनों को एक साथ स्पॉट किया गया था. धोनी ने कोहली और ऋषभ पंत के लिए डिनर पार्टी का आयोजन भी किया था और उन्हें फिर छोड़ने के लिए होटेल तक गए थे. विराट रांची पहुंचकर लगातार मेहनत भी कर रहे हैं.
रांची में विराट कोहली का शानदार रिकॉर्ड
विराट कोहली ने रांची में शानदार प्रदर्शन किया है. आंकड़े इसी ओर इशारा कर रहे हैं. अब तक कोहली ने रांची की सरजमीं पर 5 मैच खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 384 रन बनाए हैं. उन्होंने 2 शतक के अलावा 1 अर्धशतक भी अपने नाम किए हैं. उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 139 रन है.