Varun Chakravarthy: वरुण चक्रवर्ती के चक्रव्यूह में इंग्लैंड के बल्लेबाज राजकोट में भी उलझकर रह गए। वरुण ने कहर बरपाते हुए पांच विकेट झटके और इंग्लिश बैटिंग ऑर्डर को तहस-नहस कर डाला। वरुण की फिरकी पर इंग्लैंड के बैटर्स जमकर थिरकते हुए दिखाई दिए। वरुण ने शानदार गेंदबाजी करते हुए जोस बटलर, जेमी स्मिथ, ओवरटन, ब्रायडन कार्स और जोफ्रा आर्चर को पवेलियन की राह दिखाई। इंग्लैंड ने टॉस गंवाने के बाद दमदार शुरुआत की थी, लेकिन वरुण के स्पेल ने मैच की तस्वीर को पूरी तरह से पलटकर रख दिया।
वरुण ने बरपाया कहर
वरुण चक्रवर्ती इंग्लैंड के बल्लेबाजों के लिए इस सीरीज में अबूझ पहेली बने हुए हैं। पहले दो मैचों में 5 विकेट लेने के बाद भारतीय स्पिनर का जादू तीसरे टी-20 इंटरनेशनल में जमकर बोला। वरुण ने जोस बटलर को अपना पहला शिकार बने। इसके बाद वरुण ने जेमी स्मिथ को भी पवेलियन की राह दिखाई, तो जेमी ओवरटन को मिस्ट्री स्पिनर ने पहली ही गेंद पर क्लीन बोल्ड कर दिया।
ब्रायडन कार्स भी वरुण की फिरकी में उलझकर रह गए और सिर्फ 3 रन बनाकर चलते बने। जोफ्रा आर्चर भी वरुण की घूमती गेंद को समझने में नाकाम रहे और बिना खाता खोले आउट हुए। वरुण ने अपने 4 ओवर के स्पेल में 24 रन देकर पांच विकेट झटके। टी-20 में वरुण ने यह दूसरी बार एक पारी में पांच विकेट झटके हैं।
भारत को मिला 172 रन का लक्ष्य
इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीसरे टी-20 मुकाबले में 20 ओवर में 9 विकेट खोकर स्कोर बोर्ड पर 171 रन लगाए हैं। टीम की ओर से बेन डकेट ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंदों पर 51 रन की तेज तर्रार पारी खेली। वहीं, लियाम लिविंगस्टन ने 24 गेंदों का सामना करते हुए 43 रन ठोके। कप्तान जोस बटलर ने 24 रन का योगदान दिया। इंग्लैंड ने अपना 9वां विकेट 147 के स्कोर पर गंवा दिया था, लेकिन आदिल राशिद और मार्क वुड ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए महत्वपूर्ण 24 रन जोड़े, जिसके चलते टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।