IPL 2025 CSK vs RR: आईपीएल 2025 में बीती रात 62वां मैच चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया। ये राजस्थान रॉयल्स का इस सीजन का आखिरी मैच था, जिसको उन्होंने 6 विकेट से अपने नाम किया। इस मैच में एक बार फिर से 14 साल के वैभव सूर्यवंशी का धमाल देखने को मिला। पहले वैभव ने बल्ले से धोनी के गेंदबाजों की क्लास लगाई और फिर मैच के बाद ऐसा काम किया कि हर कोई इस युवा खिलाड़ी का दीवाना बन गया।
धोनी के पैर छूकर वैभव ने जीता दिल
आईपीएल 2025 में वैभव सूर्यवंशी सबसे युवा खिलाड़ी हैं तो वहीं एमएस धोनी सबसे उम्रदराज। हर कोई धोनी का सम्मान करता है तो वैभव सूर्यवंशी कैसे पीछे रह सकते थे। मैच जीतने के बाद जब दोनों टीमों के खिलाड़ी आपस में हाथ मिला रहे थे तब जैसे ही वैभव सूर्यवंशी के सामने धोनी आए तो इस युवा खिलाड़ी ने उनके पैर छूए। धोनी ने भी मुस्कुराते हुए वैभव से हाथ मिलाया। सोशल मीडिया पर अब ये वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है। हर कोई इस वीडियो को खूब पसंद कर रहा है तो वहीं फैंस भी तरह-तरह की कमेंट्स कर रहे हैं।
वैभव ने खेली ताबड़तोड़ पारी
इस मैच में वैभव सूर्यवंशी ने कमाल की बल्लेबाजी का नजारा पेश किया। वैभव ने सीएसके के गेंदबाजों की जमकर पिटाई की। वैभव ने बल्लेबाजी करते हुए इस मैच 33 गेंदों पर 57 रनों की पारी खेली थी। जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल थे।
राजस्थान रॉयल्स का सफर समाप्त
आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स का सफर अब खत्म हो चुका है। ये सीजन राजस्थान के लिए बेहद खराब रहा है। 14 मैचों में संजू सैमसन की टीम महज 4 मैच ही जीत पाई। जबकि 10 मैचों में उसको हार का सामना करना पड़ा।