IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज होने में अब 24 घंटे से भी कम समय रह गया है। दोनों टीमें पहले मैच में उतरने के लिए बेकरार हैं। भारतीय टीम की कमान इस बार युवा खिलाड़ी शुभमन गिल के कंधों पर है। वह हर हाल में पहला मैच जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल करना चाहेंगे। पहला मैच हेडिंग्ले में खेला जाएगा। आइए जानते हैं इस मैदान पर टीम इंडिया का रिकॉर्ड कैसा रहा है।
कैसा है टीम इंडिया का रिकॉर्ड?
हेडिंग्ले में पहला टेस्ट मैच खेला जाना है। इस मैदान पर भारतीय टीम ने अपना पहला मैच 1952 में खेला था। हालांकि इस मैच में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था। भारत ने अब तक इस मैदान पर 7 टेस्ट मैच खेले हैं। इस दौरान 2 बार टीम इंडिया को जीत मिली है, जबकि 1 मैच ड्रॉ रहा है और 4 मैच इंग्लैंड ने जीते हैं। आखिरी बार टीम इंडिया ने इस मैदान पर विराट कोहली की कप्तानी में साल 2021 में खेला था। लेकिन टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था। 20 जून से भारतीय टीम इस मैदान पर अपना आठवां मुकाबला खेलेगी।
इस मैदान पर अब तक 84 मैच आयोजित किए गए हैं। इनमें 29 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं, जबकि 36 मैच लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने अपने नाम किए हैं।
इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन
(बेन स्टोक्स (कप्तान), जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रुक, जेमी स्मिथ (विकेट कीपर), क्रिस वोक्स, ब्रायडन कार्स, जोश टंग, शोएब बशीर
भारत की संभावित इलेवन
यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत, करुण नायर, रवींद्र जड़ेजा, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव/हर्षित राणा/, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।