T20 World Cup Champions Poor Performance in IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 19वां सीजन अब अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रहा है और 54 लीग मैच खेले जा चुके हैं. इस दौरान हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने वाली टीम इंडिया के अधिकांश खिलाड़ी संघर्ष करते हुए नजर आए. वर्ल्ड कप में जो टीम के हीरो बनकर उभरे थे, वो अब IPL में जीरो बन गए हैं. टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन स्क्वॉड के 15 में से 10 खिलाड़ियों का हाल अभी तक बेहाल रहा है. आइए जानते हैं कौन-कौन से वर्ल्ड कप चैंपियन टीम के खिलाड़ी IPL 2026 में अब तक अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं.

1. सूर्यकुमार यादव (मुंबई इंडियंस)

भारत को T20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जिताने वाले कप्तान और टी20 क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक सूर्यकुमार यादव का बल्ला इस सीजन अब तक खामोश रहा है. सूर्या ने IPL 2026 में अब तक खेले 11 मैचों में सिर्फ 195 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका औसत 17.72, जबकि स्ट्राइक रेट 144.44 का रहा. 11 पारियों में वह केवल एक बार ही 50 का आंकड़ा पार कर पाए हैं, जो उनकी काबिलियत के हिसाब से काफी कम है.

---विज्ञापन---

2. तिलक वर्मा (मुंबई इंडियंस)

भारतीय युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा के लिए भी यह सीजन अच्छा नहीं रहा है. तिलक ने आईपीएल 2026 में अब तक खेले 11 मैचों में 261 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक भी शामिल है. इस दौरान उनका औसत 26.10 और स्ट्राइक रेट 150 का रहा है. हालांकि, दो पारियों को छोड़ दें तो बाकी मैचों में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है. 11 पारियों में से 5 में वे दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके.

---विज्ञापन---

3. हार्दिक पांड्या (मुंबई इंडियंस)

मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या IPL 2026 में न तो बल्ले से कमाल कर पा रहे हैं और न ही गेंद से कुछ खास कर पाए हैं. हार्दिक ने इस सीजन अब तक खेले 8 मैचों में 20.85 की औसत और 136.44 के स्ट्राइक रेट से 146 रन बनाए हैं. वहीं, उन्होंने 8 मैचों में 11.90 के इकोनॉमी रेट से गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 4 विकेट हासिल किए हैं. बतौर कप्तान हार्दिक के लिए यह सीजन किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है.

---विज्ञापन---

4. शिवम दुबे (चेन्नई सुपर किंग्स)

CSK के पावर-हिटर शिवम दुबे इस सीजन अब तक कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए हैं. दुबे ने आईपीएल 2026 में अब तक खेले 10 मैचों की 9 पारियों में 33 की औसत से सिर्फ 165 रन बनाए हैं. वहीं, गेंदबाजी में उन्होंने सिर्फ एक विकेट लिए हैं. उनके प्रदर्शन से सीएसके के फैंस काफी निराश हैं.

---विज्ञापन---

5. अक्षर पटेल (दिल्ली कैपिटल्स)

दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी संभाल रहे अक्षर पटेल का प्रदर्शन इस सीजन बेहद साधारण रहा है. आईपीएल 2026 में अक्षर ने गेंद से तो अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन बल्ले से कुछ खास करने में नाकाम रहे हैं. उन्होंने अब तक खेले 11 मैचों की 8 पारियों में सिर्फ 44 रन बना सके हैं, जबकि गेंदबाजी में उन्होंने 10 विकेट हासिल किए हैं.

---विज्ञापन---

6. जसप्रीत बुमराह (मुंबई इंडियंस)

भारतीय गेंदबाजी के सबसे बड़े हथियार जसप्रीत बुमराह के लिए यह सीजन अब तक सबसे खराब बिता है. दुनिया के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाजों में शुमार बुमराह IPL 2026 में अब तक खेले 11 मैचों में से महज 3 विकेट चटकाए हैं, जबकि 8 मैचों में वह एक भी विकेट नहीं ले सके. इस दौरान उनकी इकोनॉमी रेट 8.51 की रही है, जो यह उनके आईपीएल करियर की अब तक की सबसे महंगी है.

ये भी पढ़ें- 6,6,6,6,6,6… गेल, रोहित या विराट नहीं, IPL के इतिहास में इस बल्लेबाज ने जड़े हैं लगातार सबसे ज्यादा छक्के

7. कुलदीप यादव (दिल्ली कैपिटल्स)

चाइनामैन कुलदीप यादव भी इस सीजन में अपनी लय हासिल करने के लिए जूझ रहे हैं. कुलदीप ने IPL 2026 में अब तक खेले 11 मैचों की 10 पारियों में गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 7 विकेट हासिल किए हैं, जबकि उनकी इकोनॉमी रेट 10.66 की रही है. कुलदीप इस सीजन अपनी फिरकी का कमाल दिखाने में नाकाम रहे हैं और खूब रन लुटाए हैं.

8. मोहम्मद सिराज (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु)

टी20 वर्ल्ड कप टीम में आखिरी समय में जगह बनाने वाले मोहम्मद सिराज के लिए यह सीजन ठीकठाक रहा है. सिराज ने IPL 2026 में अब तक खेले 11 मैचों में 12 विकेट हासिल किए हैं. इस दौरान उनकी इकोनॉमी रेट 8.56 की रही है.

9. अर्शदीप सिंह (पंजाब किंग्स)

भारतीय युवा तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने इस सीजन अब तक खेले 10 मैचों में 11 विकेट हासिल किए हैं, लेकिन इस दौरान उनकी इकोनॉमी रेट 10.42 की रही है, जो काफी महंगी है.

10. वरुण चक्रवर्ती (कोलकाता नाइट राइडर्स)

मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती भी इस सीजन कुछ खास नहीं कर पाए हैं. वरुण ने आईपीएल 2026 में अब तक खेले 8 मैचों सिर्फ 8 विकेट लिए हैं, जबकि उन्होंने 8.62 इकोनॉमी रेट से रन लुटाए हैं.

ये भी पढ़ें- PBKS vs DC Weather Report: मैच पर मंडराया बारिश का खतरा! अगर रद्द हुआ मुकाबला तो किसे होगा फायदा?