T20 World Cup 2024 Virat Kohli: टीम इंडिया ने अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत आयरलैंड के साथ मैच से की थी। जिसको टीम इंडिया ने जीत लिया था। इस मैच में टीम इंडिया की तरफ से पारी की शुरुआत कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली ने की थी। हालांकि विराट ओपनिंग में फ्लॉप हो गए थे। वहीं अब पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर ने विराट को ओपनिंग कराने के टीम इंडिया के फैसले को गलत बताया है।
कामरान अकमल का विराट पर बड़ा बयान
आयरलैंड के खिलाफ टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में यशस्वी जायसवाल को जगह नहीं दी गई थी। जिसके बाद टीम इंडिया के लिए रोहित शर्मा और विराट कोहली ने ओपनिंग की थी। विराट कोहली 5 गेंद खेलकर महज एक रन बनाकर आउट हो गए थे।
वहीं अब विराट को ओपनिंग कराने को लेकर पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर कामरान अकमल ने अपने यूट्यूब चैनल पर बोलते हुए कहा कि मेरा मानना है कि भारत का बल्लेबाजी क्रम सही नहीं है विराट को नंबर 3 पर ही बल्लेबाजी करनी चाहिए। कोहली नंबर 3 पर आकर दबाव झेल सकते हैं। यशस्वी जायसवाल को ही टीम इंडिया के लिए रोहित के साथ ओपनिंग करनी चाहिए। मुझे लगता है कि भारत विराट से ओपनिंग बल्लेबाजी कराकर गलती कर रहा है।
9 जून को भारत-पाक मैच
जहां एक तरफ टीम इंडिया ने अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत जीत के साथ की है, तो वहीं पाकिस्तान को अपने पहले ही मैच में मेजबान यूएसए जैसी कमजोर टीम से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं अब भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला 9 जून को न्यूयॉर्क के नासाउ क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। उम्मीद लगाई जा रही है कि इस मैच में एक बार फिर से फैंस को रोहित और विराट की जोड़ी ओपनिंग करते हुए दिखाई देगी।