T20 World Cup 2024: टी20 वर्ल्ड कप 2024 में आज का दिन बेहद ऐतिहासिक है। टूर्नामेंट में खेले गए आज के मैच में अफगानिस्तान की टीम ने दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई टीम को ढेर कर जीत हासिल की है। अफगानिस्तान के लड़ाकों ने ऑस्ट्रेलियाई टीम को चारों खाने चित करके ये जीत हासिल की है। पूरे मैच के दौरान ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज और गेंदबाज संघर्ष करते नजर आए। इस मैच को जीतने के लिए अफगानिस्तान ने अपने हर हथकंडें का इस्तेमाल किया।
एक, दो नहीं 8 गेंदबाजों का किया इस्तेमाल
अफगानिस्तान ने 148 रन का स्कोर बनाकर ऑस्ट्रेलियाई टीम को महज 127 रन पर ही ढेर कर दिया। ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 20 ओवर भी अफगानिस्तान के गेंदबाजों के सामने नहीं टिक सकी। टीम ने 19.2 ओवर में ही अपने पूरे विकेट गंवा दिए। हालांकि अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान ने इस मैच में 1-2 नहीं बल्कि 8 गेंदबाजों का इस्तेमाल किया। इसमें नवीनुल हक, फजलहक फारूकी, अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, नांगेयालिया खारोटे, नूर अहमद, गुलबदीन नायब और राशिद खान शामिल हैं।
महज 3 गेंदबाजों ने डाले पूरे स्पेल
अफगानिस्तान के गेंदबाज पूरे मैच में हावी नजर आए। ऑस्ट्रेलियाई टीम की ओर से ग्लेन मैक्सवेल और मार्कस स्टोनिस ने ही सबसे बड़ी साझेदारी की। इस साझेदारी में भी अफगानिस्तान के गेंदबाजों ने इनके हाथ को बांधे रखा। इन दोनों खिलाड़ियों के बीच 32 गेंद पर 39 रन की साझेदारी हुई। अफगानिस्तान की ओर से कप्तान राशिद खान, गुलबदीन नायब और नवीनुल हक ने ही अपने 4 ओवर के स्पेल पूरे किए।
इन्हें मिला विकेट
अफगानिस्तान की ओर से सबसे ज्यादा विकेट गुलबदीन नायब ने झटके। गुलबदीन नायब ने 4 ओवर में 20 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। वहीं, नवीनुलहक ने अपने स्पेल में 20 रन देकर 3 विकेट चटकाए। कप्तान राशिद खान, अजमतुल्लाह उमरजई और मोहम्मद नबी ने 1-1 विकेट लिए। मोहम्मद नबी ने एक ओवर किए और महज 1 रन दिए। सबसे महंगा ओवर नूर अहमद का रहा। नूर ने अपने एकमात्र ओवर में 11 रन दिए।