IND vs SA: जो बोला वो कर दिखाया! तिलक वर्मा ने निभाया बंद कमरे में कप्तान सूर्यकुमार से किया वादा

तिलक वर्मा ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए तीसरे टी-20 मुकाबले में बल्ले से जमकर कोहराम मचाया। युवा भारतीय बैटर ने कप्तान सूर्यकुमार यादव से किया वादा निभाते हुए शतकीय पारी खेली।

Untitled design (39)

Tilak Varma

Tilak Varma Suryakumar Yadav: सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क में 22 साल का युवा भारतीय बल्लेबाज महफिल लूट ले गया। तिलक वर्मा ने साउथ अफ्रीका के किसी भी गेंदबाज को नहीं बख्शा। विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए तिलक ने अपने टी-20 इंटरनेशनल करियर का पहला शतक जमाया। तिलक भारत की ओर से इस फॉर्मेट में सेंचुरी जमाने वाले दूसरे सबसे युवा बल्लेबाज भी बन गए हैं। बंद कमरे में तिलक ने कप्तान सूर्या से किया वादा भी निभाया।

विज्ञापन

तिलक ने निभाया वादा

दरअसल, पहले दो टी-20 मैचों में तिलक वर्मा को नंबर चार पर बल्लेबाजी करने का मौका मिला। तिलक ने दोनों ही मैचों में आगाज तो अच्छा किया, पर वह दमदार शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पा रहे थे। गकेबहरा में हुए दूसरे टी-20 के बाद तिलक कप्तान सूर्यकुमार यादव के कमरे में पहुंचे। तिलक ने सेंचुरियन में होने वाले तीसरे मैच के लिए कप्तान सूर्या से बैटिंग ऑर्डर में प्रमोशन मांगा। 

विज्ञापन

तिलक ने कहा कि अगर उन्हें नंबर तीन पर मौका मिलता है, तो वह दमदार प्रदर्शन करके दिखाएंगे। सूर्या ने अपनी बैटिंग पोजीशन की कुर्बानी देते हुए तिलक को प्रमोट किया और 22 साल का युवा बैटर कप्तान के भरोसे पर एकदम खरा उतरा। मैच के बाद इस बात का खुलासा खुद कप्तान सूर्यकुमार ने ही किया। कप्तान सूर्या ने बताया, “तिलक गकेबहरा में मेरे रूम में आए और उन्होंने कहा कि मुझे नंबर तीन पर एक चांस दीजिए मैं अच्छा प्रदर्शन करूंगा। मैंने कहा ठीक है जाओ खुद को एक्सप्रेस करो। तिलक ने जो कहा वो कर दिखाया।”

विज्ञापन

जमकर मचाया कोहराम

तिलक वर्मा ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से सेंचुरियन के मैदान पर जमकर कोहराम मचाया। संजू सैमसन के डक पर पवेलियन लौटने के बाद तिलक पहले ही ओवर में मैदान पर उतरे। क्रीज पर आते के साथ ही तिलक ने कुछ दमदार शॉट्स लगाकर अपने इरादे साफ कर दिए। बाएं हाथ के बल्लेबाजों के लिए लेग साइड की छोटी बाउंड्री का भरपूर फायदा तिलक ने उठाया।  56 गेंदों पर तिलक ने 8 चौके और सात छक्कों की मदद से 107 रन की नाबाद पारी खेली। तिलक की विस्फोटक पारी की बदौलत भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोर बोर्ड पर 6 विकेट खोकर 219 रन लगाने में सफल रही।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ