Shubman Gill: भारतीय टीम 14 नवंबर से साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेलने के लिए उतरेगी. ये मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा. शुभमन गिल की अगुवाई वाली भारतीय टीम साउथ अफ्रीका से भिड़ने के लिए तैयार है. कोलकाता में शुभमन गिल एक नहीं बल्कि 2 रिकॉर्ड को ध्वस्त कर अपने नाम कर सकते हैं. भारतीय कप्तान के पास विराट कोहली और सुनील गावस्कर का कीर्तिमान तोड़ इतिहास रचने का सुनहरा मौका है.
गावस्कर का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने की दहलीज पर गिल
गिल जब से भारतीय टीम के टेस्ट कप्तान बने हैं, उन्होंने कमाल की बल्लेबाजी से सभी का दिल जीता है. वह अब टेस्ट में बतौर कप्तान सबसे तेज 1 हजार रन पूरे करने वाले भारतीय कप्तान बनने की दहलीज पर खड़े हैं. वह 7 टेस्ट मैचों की 13 पारियों में 78.83 के शानदार औसत से 946 रन बना चुके हैं. ऐसे में अगर कोलकाता में होने वाले पहले टेस्ट मैच में गिल 54 रन बना देते हैं, तो वह सुनील गावस्कर का रिकॉर्ड तोड़ देंगे. गावस्कर ने 15 टेस्ट पारियों में 1 हजार रन पूरे किए थे.
कोहली के रिकॉर्ड पर संकट के बादल
इसके अलावा शुभमन गिल विराट कोहली का एक और रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं. दरअसल गिल एक कैलेंडर ईयर में बतौर भारतीय कप्तान टेस्ट प्रारूप में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं. फिलहाल वह विराट कोहली की बराबरी पर खड़े हैं, जिन्होंने बतौर कप्तान टेस्ट में साल 2017 में 5 और साल 2018 में 5 शतक अपने नाम किए थे. कोलकाता टेस्ट मैच में अगर गिल एक शतक बना देते हैं, तो वह कोहली के भी रिकॉर्ड को ध्वस्त कर देंगे.
एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले भारतीय कप्तान
विराट कोहली – 5 शतक (2017)
विराट कोहली – 5 शतक (2018)
विराट कोहली – 4 शतक (2016)
सचिन तेंदुलकर – 4 शतक (1997)