IND vs AUS, Rohit Sharma: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों के वनडे सीरजी के आखिरी मुकाबले में पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने गजब की पारी खेली और शानदार शतक जड़कर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई. लंबे समय के बाद टीम इंडिया की जर्सी में लौटे रोहित पर्थ में खेले गए पहले वनडे में कुछ खास नहीं कर सके थे, लेकिन दूसरे वनडे में उन्होंने 73 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली.
इसके बाद हिटमैन ने सिडनी में खेले में गए तीसरे वनडे में नाबाद 121 रनों की धमाकेदार पारी खेली, जिसमें उन्होंने 13 चौके और 3 छक्के जड़े. इस दौरान उन्होंने विराट कोहली के साथ 168 रनों की अटूट साझेदारी की और टीम को जीत दिलाकर पवेलियन लौटे. रोहित को इस शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुन गया. साथ ही उन्होंने प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब भी अपने नाम किया. वहीं, मैच के बाद रोहित ने एक बड़ा बयान दिया है.
रोहित शर्मा ने दिया बड़ा बयान
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे मैच जीतने के बाद रोहित शर्मा ने अवॉर्ड लेते समय ब्रॉडकास्टर से बातचीत में कहा, “यहां आप इस तरह के मुकाबलों की उम्मीद करते हैं. आपके लिए ये परिस्थितियां आसान नहीं हैं और गेंदबाज भी काफी बेहतरीन हैं. आपको हालात को बेहतर तरीके से समझना होगा, देखना होगा आप क्या कर सकते हैं. मेरी कोशिश यही रहती है कि जब भी मौका मिले मैं उसका पूरा फायदा उठा सकूं. मैं पिछले काफी लंबे समय से नहीं खेला हूं और यहां आने से पहले मैंने काफी अच्छी तैयारी की थी. मुझे अपने प्रदर्शन को लेकर थोड़ा आत्मविश्वास था, हालांकि हम इस सीरीज को जीत नहीं पाए लेकिन हमारे लिए काफी सकारात्मक चीजें जरूर रही.”
रोहित ने आगे कहा, “हमारी टीम में अभी काफी सारे युवा खिलाड़ी हैं, जिनका ये पहला ऑस्ट्रेलिया का दौरा है. हम जब पहली बार ऑस्ट्रेलिया आए थे तो सीनियर प्लेयर्स ने हमारी काफी मदद की थी और अब ये हमें सुनिश्चित करना है कि हम भी उसी तरह टीम में मौजूद बाकी युवा प्लेयर्स की मदद करें. विदेशी जाकर क्रिकेट खेलना कभी आसान काम नहीं होता है. इसलिए जो भी थोड़ा-बहुत अनुभव हमें मिला है, उसे आगे बढ़ाना और यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि वह इसे अच्छी तरह से संभालें.”
सिडनी में क्रिकेट खेलकर मजा आया – रोहित
इससे पहले रोहित ने एक बयान में कहा कि “मुझे ऑस्ट्रेलिया में खेलना काफी पसंद आता है और सिडनी में क्रिकेट खेलकर मुझे मजा आया. 2008 (ऑस्ट्रेलिया का उनका पहला दौरा) की यादें ताजा हो गईं. यह बहुत मजेदार था. पता नहीं हम वापस यहां आएंगे या नहीं, लेकिन मैंने हर पल का भरपूर आनंद लिया. इतने सालों में मिली तमाम तारीफों के बावजूद हमने क्रिकेट खेलने का भरपूर आनंद लिया है. पिछले 15 सालों में जो कुछ भी हुआ, उसे भूल जाइए, मुझे हमेशा से यहां खेलना पसंद रहा है, मुझे लगता है कि विराट के लिए भी यही होगा. शुक्रिया ऑस्ट्रेलिया.