India vs England 4th T20I: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मैच 31 जनवरी को पुणे में खेला जाएगा। तीसरे मैच में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था, क्योंकि भारतीय टीम की बल्लेबाजी बेहद खराब रही थी। अब चौथे टी20 से पहले भारतीय टीम के लिए गुड न्यूज आई है। चौथे मैच से पहले टीम इंडिया का विस्फोटक बल्लेबाज पूरी तरह से फिट हो गया है।
चौथा मैच खेलेंगे रिंकू सिंह
टीम इंडिया का विस्फोटक बल्लेबाज रिंकू सिंह इंजरी के चलते सीरीज का दूसरा और तीसरा मैच नहीं खेल पाए थे, लेकिन अब सहायक कोच रेयान टेन डोएशेट ने रिंकू के फिट होकर चौथे मैच में खेलने की घोषणा कर दी है।
पहले मैच में पीठ की चोट के चलते रिंकू सिंह दूसरे और तीसरे टी20 मैच से बाहर हो गए थे। तीसरे मैच में टीम इंडिया को रिंकू सिंह की काफी कमी खली थी। इस मैच में टीम इंडिया की बल्लेबाजी बेहद खराब रही थी और भारत को 26 रन से हार का सामना करना पड़ा था। टीम इंडिया के सहायक कोच रेयान टेन डोएशेट ने बताया कि उन्होंने बुधवार को नेट्स पर बल्लेबाजी की। रिंकू सिंह की वापसी का मतलब है वे चौथे मैच में ध्रुव जुरेल की जगह ले सकते हैं।
रिंकू की फॉर्म में आई गिरावट
रिंकू के फॉर्म की बात करें तो साल 2024 में उनके प्रदर्शन में गिरावट आई है। 18 मैचों में उन्होंने 35 की औसत से 245 रन बनाए हैं। साल 2023 में उनका प्रदर्शन शानदार रहा था, जहां उन्होंने 12 मैच खेले और 65 की औसत से 262 रन बनाए थे।