RCB vs LSG Head To Head: इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024) के 15वें मुकाबले में मंगलवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स से होगा। यह मैच RCB के होम ग्राउंड एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों ही टीमों ने टूर्नामेंट में अब तक 1-1 मैच जीता है। ऐसे में फाफ डु प्लेसिस और केएल राहुल की कोशिश दूसरी जीत दर्ज करने पर होगी। केएल राहुल अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी के सामने होंगे, ऐसे में वह पॉइंट्स टेबल में लखनऊ की स्थिति में सुधार करना चाहेंगे।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का पलड़ा भारी
दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड के आंकड़ों पर नजर डालें तो लखनऊ सुपर जायंट्स की हालत खस्ता नजर आती है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच IPL में अब तक 4 बार भिड़ंत हुई है। इस दौरान RCB ने 3 मुकाबले फतेह किए हैं, वहीं LSG को सिर्फ 1 मैच में जीत मिली है। ऐसे में मंगलवार को होने वाले मुकाबले में केएल राहुल हार के अंतर को भी कम करना चाहेंगे। बता दें कि RCB ने लखनऊ के विरुद्ध पहले बल्लेबाजी करते हुए सभी मैच जीते हैं। दूसरी ओर LSG को लक्ष्य का पीछा करते हुए एक मात्र जीत मिली है।
एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में दोनों टीमों का प्रदर्शन
एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के प्रदर्शन पर नजर डालें तो टीम ने अपने होम ग्राउंड पर अब तक 86 मैच खेले हैं। इस दौरान RCB को 40 में जीत मिली है और 41 में हार का मुंह देखना पड़ा है। साथ ही 1 मैच टाई और 4 बेनजीता भी रहे हैं। अपने घरेलू मैदान पर RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 मैच और लक्ष्य का पीछा करते हुए भी इतने ही मैच जीते हैं। दूसरी ओर LSG ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 1 ही मैच खेला है और इसे अपने नाम भी किया है। लखनऊ ने लक्ष्य का पीछा करते हुए यह मुकाबला जीता था।