India vs England 3rd Test: भारतीय टीम को इंग्लैंड के हाथों लॉर्ड्स टेस्ट में 22 रनों से हार का सामना करना पड़ा। तीसरे टेस्ट की दूसरी पारी में भारतीय टीम महज 170 रनों पर ही सिमट गई थी। दूसरी पारी में रवींद्र जडेजा ने टीम इंडिया को जित दिलाने की आखिर तक कोशिश की लेकिन वे अकेल मैच को जिता नहीं पाए। वहीं पांचवें दिन के खेल के दौरान रवींद्र जडेजा अचानक मैदान छोड़कर ड्रेसिंग रूम की तरफ भाग गए थे, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है।
मैदान छोड़कर क्यों भागे थे जडेजा?
दरअसल लॉर्ड्स के पांचवें दिन टीम इंडिया की बल्लेबाजी के दौरान 68वें ओवर के बाद रवींद्र जडेजा अपना हेलमेट और बैट छोड़कर ड्रेसिंग रूम की तरफ भाग गए थे। हालांकि टी ब्रेक भी काफी नजदीक था लेकिन वॉशरूम जाने के लिए जडेजा को ड्रेसिंग रूम की तरफ भागना पड़ा। जिसके चलते कुछदेर तक खेल को रोका गया था। बता दें, मैच के बीच में वॉशरूम जाने को लेकर आईसीसी ने कोई नियम नहीं बना रखा है। दरअसल एक खिलाड़ी तभी मैदान छोड़ सकता है जब उसको या तो चिकित्सा के लिए जाना हो या फिर कोई आपात स्थिति हो। हालांकि बाद में जडेजा जल्दी से मैदान पर वापस आए और बल्लेबाजी शुरू की।
जडेजा ने खेली शानदार पारी
लॉर्ड्स टेस्ट के पांचवें दिन जिस तरह से रवींद्र जडेजा ने बल्लेबाजी की उसको सालों साल हर कोई याद रखने वाला है। जडेजा ने टीम इंडिया को मैच जिताने के लिए आखिर तक इंग्लैंड के गेंदबाजों का सामना किया लेकिन वे जीत नहीं दिला सके। दूसरी पारी में जडेजा 61 रन बनाकर नाबाद रहे। खेल जगत में जडेजा की इस शानदार पारी की जमकर तारीफ हो रही है।
इस मैच को जीतने के लिए टीम इंडिया के सामने 193 रनों का टारगेट था, क्योंकि दूसरी पारी में इंग्लैंड की टीम 192 रन ही बना पाई थी। हालांकि इंग्लैंड ने दूसरी पारी में अपनी शानदार गेंदबाजी के दम पर लॉर्ड्स टेस्ट को अपने नाम किया। अब इंग्लैंड ने 5 मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली है।