FIFA World Cup से पहले हुआ बड़ा उलटफेर, लगातार तीसरी बार इटली नहीं कर पाई क्वालीफाई

फीफा वर्ल्ड कप 2026 को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है. 4 बार की चैंपियन टीम इटली लगातार तीसरी बार वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई है. टीम को टूर्नामेंट से पहले खेले जा रहे प्लेऑफ के मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है. आखिरी बार टीम 12 साल पहले वर्ल्ड कप खेल पाई थी.

jacket - 2026-04-01T105709.198

FIFA World Cup: फीफा वर्ल्ड कप का खिताब 4 बार अपने नाम कर चुकी इटली की टीम इस बार टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई है. ऐसा पहली बार नहीं हुआ है बल्कि टीम ने लगातार तीसरी बार फैंस को निराशा दी है. साल 2026 में होने वाले फीफा वर्ल्ड कप के लिए यूरोपीय प्लेऑफ में इटली की टीम को बोस्निया और हर्जेगोवीना के हाथों हार का सामना करना पड़ा. ये मैच पेनल्टी शूटआउट तक पहुंचा, जहां इटली की टीम 4-1 से हार गई और वर्ल्ड खेलने के सपने पर एक बार फिर से पानी फिर गया. जानकारी के लिए बता दें कि टीम ने आखिरी बार फीफा वर्ल्ड साल 2014 में खेला था. 

विज्ञापन

इटली ने कब-कब जीता है वर्ल्ड कप?

इटली की टीम 4 बार फीफा वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर चुकी है. टीम ने आखिरी बार साल 2006 में विश्व कप अपने नाम किया था. इसके बाद से टीम के प्रदर्शन में लगातार गिरावट देखी गई और अब टीम टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करने तक को तरस रही है. साल 2010 में टीम ग्रुप स्टेज से बाहर हो गई थी तो वहीं 2014 में भी टीम का हाल ऐसा ही रहा था. इटली की टीम ने अपना पहला वर्ल्ड कप का खिताब साल 1934 में जीता था. इसके बाद साल 1938 और 1982 में भी टीम ने शानदार प्रदर्शन दिखाते हुए खिताब अपने नाम किया था.

विज्ञापन

पेनल्टी शूटआउट में मिली बोस्निया और हर्जेगोविना से हार

इटली की टीम को प्लेऑफ के फाइनल मुकाबले में पेनल्टी शूटआउट में हार का सामना करना पड़ा. इस मैच में इटली ने पहला गोल दागा. टीम के लिए 15वें मिनट पर मोइसे कीन ने बेहतरीन गोल किया. टीम मैच के 78वें मिनट तक मैच में आगे थी लेकिन 79वें मिनट पर बोस्निया और हर्जेगोविना के लिए हैरिस तबाकोविक ने बराबरी का गोल किया. टाइम खत्म हो गया लेकिन कोई भी टीम एक और गोल नहीं कर पाई. ऐसे में मैच पेनल्टी शूटआउट में पहुंच गया, जहां इटली की टीम को 4-1 से हार का सामना करना पड़ा. बोस्निया की टीम के लिए ये पल बेहद ही खास रहा क्योंकि टीम ने 12 साल के लंबे इंतजार के बाद टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई किया है. साल 2014 में टीम ने वर्ल्ड कप में अपना डेब्यू किया था.

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ