Harshit Rana: भारत के तेज गेंदबाज हर्षित राणा अपनी तेज रफ्तार भरी गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में वह इंग्लैंड दौरे के लिए टीम इंडिया का हिस्सा बने थे। लेकिन बाद में उन्हें दल से बाहर कर दिया गया था। भारत लौटने के कुछ दिन बाद ही राणा को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। वह आगामी दिल्ली प्रीमियर लीग में अपनी टीम की ओर से कप्तानी संभालेंगे। हर्षित को पहली बार कप्तानी का जिम्मा दिया गया है।
राणा को मिली बड़ी जिम्मेदारी
दिल्ली प्रीमियर लीग 2025 के लिए नॉर्थ दिल्ली स्ट्राकर्स ने अपना कप्तान हर्षित राणा को कप्तान नियुक्त किया है। वह आगामी सीजन में इस टीम की कमान संभालेंगे। हर्षित राणा को डीपीएल सीजन 2025 के लिए 10 लाख रुपये मिले हैं। उन्हें नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने रिटेन किया था। हर्षित को हाल ही में इंडिया A टीम में भी मौका मिला था। उन्होंने इंग्लैंड लायंस के खिलाफ एक मुकाबला खेला था। इसके बाद उन्हें भारतीय सीनियर टीम में जगह मिली थी। लेकिन बाद में उन्हें दल से बाहर कर स्वदेश लौटने के लिए कह दिया गया था।
दिल्ली प्रीमियर लीग के सबसे महंगे खिलाड़ी
दिल्ली प्रीमियर लीग 2025 के सबसे महंगे खिलाड़ी की बात करें तो पहला नंबर सिमरजीत सिंह का आता है। उन्हें सीजन 2025 के लिए 39 लाख रुपये मिले हैं। इसके अलावा दिग्वेश राठी पर भी पैसों की बरसात हुई है। उन्हें 38 लाख रुपये मिले हैं। दिग्वेश ने आईपीएल 2025 में एलएसजी की ओर से शानदार प्रदर्शन किया था। इसके अलावा नितीश राणा को वेस्ट दिल्ली लायंस ने 34 लाख रुपये में खरीदा है। नितीश ने इस लीग का पहला सीजन नहीं खेला था। क्योंकि वह अपना घरेलू सीजन उत्तर प्रदेश के लिए खेल रहे थे। हालांकि अब उन्होंने फिर से दिल्ली का रुख किया है। इस बार दिल्ली प्रीमियर लीग में वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग भी भाग लेंगे, जबकि विराट कोहली के भतीजे आर्यवीर कोहली भी इस लीग में हिस्सा लेंगे।