IND vs ENG: भारतीय टीम मैनचेस्टर में खेले जा रहे चौथे टेस्ट मैच में संघर्ष कर रही है। पहली पारी में फ्लॉप होने के बाद भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ खूब रन भी लुटाए, जिसकी वजह से इंग्लैंड ने 669 रन बना दिए और भारत के खिलाफ 311 रनों की बढ़त हासिल कर ली। भारत के गेंदबाज चौथे टेस्ट मैच में बेअसर दिखे। कोई भी गेंदबाज इंग्लैंड की बल्लेबाजी का तोड़ नहीं निकाल पाया। अब भारत के पूर्व खिलाड़ी नवजोत सिंह सिद्धू ने हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल पर सवाल उठाए हैं।
गंभीर और गिल पर उठे सवाल
इंग्लैंड के खिलाफ खेली जा रही 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में अब तक भारत ने गेंदबाजी विभाग में कई बदलाव किए हैं। नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने इंस्टाग्राम पर कहा कि कुलदीप प्लेइंग इलेवन में क्यों नहीं हैं। पहला मैच बुमराह खेले और उनके साथ शार्दुल, पहले मैच में शार्दुल ने गेंदबाजी नहीं कराई। दूसरे मैच में शार्दुल प्लेइंग इलेवन से बाहर हुए और बुमराह को आराम मिल गया। दूसरे मैच में आकाशदीप, वॉशिंगटन सुंदर और नितीश रेड्डी को प्लेइंग इलेवन में मौका मिला। तीसरे मैच में बुमराह वापस आते हैं और प्रसिद्ध कृष्णा को मौका नहीं मिला। चौथे मैच में आकाशदीप चोटिल हो गए तो उनकी जगह पर अंशुल कंबोज प्लेइंग इलेवन में आ गए। ये हो क्या रहा है?
उन्होंने भारतीय मैनजमेंट से सवाल करते हुए कहा कि इतना बदलाव कभी किसी ने देखा है? पांचवें मैच में शायद बुमराह और पंत न खेलें। हो सकता है अंशुल कंबोज भी न खेलें। क्योंकि चौथे टेस्ट मैच में उन्होंने तेज रफ्तार से गेंदबाजी नहीं की। इतनी थोक से भारतीय टीम में जो बदलाव हो रहे हैं तो वह टीम के संतुलन को खराब कर देती है। सिद्धू ने कोच गौतम गंभीर और शुभमन गिल पर कई सारे सवाल खड़े किए हैं। उनका मानना है कि भारतीय गेंदबाजी युनिट में इतना बदलाव नहीं होना चाहिए था।
137 रनों से पीछे है भारतीय टीम
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 358 रन बनाए थे, जिसके जवाब में इंग्लैंड ने 669 रन बनाए। भारत को दूसरी पारी में 0 के स्कोर पर ही यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन के रूप में 2 बड़े झटके लगे। इसके बाद मोर्चा केएल राहुल और शुभमन गिल ने संभाला। चौथे दिन का खेल खत्म होने के बाद भारत फिलहाल 137 रन पीछे है।