IPL 2025: भारत-पाकिस्तान युद्धविराम के बीच आईपीएल 2025 को फिर से शुरू करने की तैयारियां शुरू हो गई हैं और खबर है कि यह टूर्नामेंट 16 मई से दोबारा शुरू किया जाएगा। लेकिन इससे पहले ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है।बताया जा रहा है कि ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड आईपीएल में अब वापसी नहीं करेंगे। वहीं, मिचेल स्टार्क को लेकर भी यही कहा जा रहा है कि उनका दोबारा टूर्नामेंट में खेलना मुश्किल है।

चिंता में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी

ऑस्ट्रेलिया के कई खिलाड़ी आईपीएल के भविष्य को लेकर चिंतित हैं। वे हाल ही में भारत से अपने देश लौट गए हैं। उनकी चिंता की वजह भारत में बढ़ता तनाव और टूर्नामेंट के कार्यक्रम में आए बदलाव हैं। मिचेल स्टार्क और उनकी पत्नी एलिसा हीली रविवार को सिडनी पहुंचे। स्टार्क ने मीडिया से कुछ नहीं कहा, लेकिन उनके मैनेजर ने ऑस्ट्रेलिया के नाइन न्यूज को बताया कि मिचेल शायद अब आईपीएल में हिस्सा नहीं लेंगे।

खिलाड़ियों को मिली छूट

आईपीएल को दोबारा शुरू करने को लेकर बातचीत जारी है। इस बीच क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने साफ कहा है कि उनके खिलाड़ी खुद तय कर सकते हैं कि वे टूर्नामेंट में वापसी करना चाहते हैं या नहीं। CA ने यह भी कहा है कि अगर कोई खिलाड़ी वापस नहीं आता, तो इसका असर न तो उनके आईपीएल में चयन पर पड़ेगा और न ही बीसीसीआई के साथ उनके रिश्तों पर। ऐसा लग रहा है कि कुछ खिलाड़ी मौजूदा हालात को देखकर थोड़ा परेशान हैं और इसी वजह से फैसला लेने में सोच-विचार कर रहे हैं।