Ishan Kishan: टीम इंडिया इन दिनों इंग्लैंड को दौरे पर है, लेकिन विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन टीम का हिस्सा नहीं है। इससे पहले इंग्लैंड दौरे के लिए ईशान को इंडिया ए टीम में चुना गया था, लेकिन 5 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए उनको सीनियर टीम में मौका नहीं मिला। वहीं अब ईशान किशन ने इंग्लैंड में ही एक दूसरी टीम के लिए खेलने का फैसला किया है।
काउंटी चैंपियनशिप में खेलेंगे ईशान किशन
इस साल होने वाली काउंटी चैंपियनशिप में भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन खेलते हुए दिखाई देने वाले हैं। ईशान ने काउंटी चैंपियनशिप में 2 मैचों के लिए नॉटिंघमशायर के साथ एक कॉन्ट्रैक्ट साइन किया है। नॉटिंघमशायर टीम में ईशान दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज काइल वेरिन की जगह लेंगे। नॉटिंघमशायर में ईशान काफी अनुभव लेकर आने वाले हैं, उन्होंने अभी तक 58 फर्स्ट क्लास मैचों में बल्लेबाजी करते हुए 3447 रन बनाए हैं, जिसमें 17 अर्धशतक और 8 शतक शामिल है।
काउंटी चैंपियनशिप खेलने के लिए उत्साहित किशन
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक काउंटी चैंपियनशिप में खेलने को लेकर ईशान ने कहा “मैं इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट खेलने का अपना पहला मौका पाकर बहुत उत्साहित हूं और यह मेरे लिए अपने कौशल को दिखाने का एक शानदार मौका होगा। मैं यह सुनिश्चित करना चाहता हूं कि मैं सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर बनूं और अंग्रेजी परिस्थितियों में खेलने से मुझे वास्तव में नए कौशल सीखने में मदद मिलेगी।”
ईशान के अलावा ये भारतीय भी खेलेंगे काउंटी
ईशान किशन के अलावा तिलक वर्मा ने हैम्पशायर के साथ, रुतुराज गायकवाड़ यॉर्कशायर के लिए और युजवेंद्र चहल के इस महीने के अंत में नॉर्थम्पटनशायर में लौटने की उम्मीद है।