IPL 2025 PBKS vs MI: आईपीएल 2025 में 1 जून को क्वालीफायर 2 पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया। इस मैच में हार्दिक पांड्या की मुंबई को पंजाब के हाथों हारकर इस टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा। हार के बाद कप्तान हार्दिक पांड्या भी काफी मायूस दिखे। हालांकि टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद भी मुंबई इंडियंस को इनाम के तौर पर करोड़ों रुपये मिलने वाले है।
हारकर भी मालामाल होगी मुंबई इंडियंस
इस बार आईपीएल 2025 में कुल इनाम राशि 46.5 करोड़ रुपये रखी गई है, जो प्लेऑफ की 4 टीमों के बीच बटेगी। हालांकि बीसीसीआई की तरफ से इस बार प्राइज मनी का कोई ऑफिशियल ऐलान नहीं हुआ है। हालांकि पिछली बार जो टीम नंबर तीन पर रही थी उसको बीसीसीआई की तरफ से 7 करोड़ रुपये मिले थे। ऐसे में अगर पिछली बार की तरह इस बार भी तीसरे नंबर वाली टीम को 7 करोड़ रुपये दिए जाते हैं तो मुंबई इंडियंस के खाते में 7 करोड़ रुपये आएंगे।
पंजाब किंग्स ने 5 विकेट से जीता मैच
इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 203 रन बनाए थे। मुंबई की तरफ से बल्लेबाजी करते हुए सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने 44-44 रन बनाए थे। इसके अलावा आखिर में नमन धीर ने 18 गेंदों पर 37 रन बनाए थे। पंजाब किंग्स की तरफ से गेंदबाजी करते हुए अजमतुल्लाह ने 2 विकेट चटकाए थे।
इसके बाद पंजाब किंग्स ने इस लक्ष्य को 19 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया था। पंजाब किंग्स की तरफ से बल्लेबाजी करते हुए कप्तान श्रेयस अय्यर ने 41 गेंदों पर सबसे ज्यादा 87 रन की नाबाद पारी खेली थी। अपनी पारी के दौरान अय्यर ने 5 चौके और 8 छक्के लगाए थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 212.20 का रहा था। वहीं नेहाल वढेरा ने 29 गेंदों पर 48 रन बनाए थे, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल थे।
फाइनल में PBKS और RCB की होगी जंग
आईपीएल 2025 का फाइनल मैच 3 जून को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। फाइनल में अब पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच जंग होने वाली है। इससे पहले क्वालीफायर 1 में आरसीबी ने पंजाब को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन इस बार श्रेयस अय्यर पलटवार करना चाहेंगे।