IPL 2025: क्या आरसीबी की टीम इस साल आईपीएल के प्लेऑफ में पहुंचेगी? ये सवाल आजकल हर किसी के मन में है। फिलहाल बेंगलुरु की टीम टॉप 4 में शामिल है, लेकिन टूर्नामेंट अब ऐसे मोड़ पर है जहां एक जीत या एक हार से सारी तस्वीर बदल सकती है। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि आरसीबी की टीम इस बार प्लेऑफ में कैसे पहुंच सकती है।
आरसीबी पॉइंट्स टेबल में तीसरे नंबर पर
रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी ने अब तक आईपीएल 2025 में 8 मैच खेले हैं। इनमें से टीम ने 5 मैच जीते हैं और 3 हारे हैं। आरसीबी की सबसे बड़ी परेशानी यह है कि वह लगातार मैच नहीं जीत पा रही है। एक मैच जीतती है, फिर अगला हार जाती है, जिससे टीम थोड़ा पीछे रह गई है।
टीम के पास अभी 10 अंक हैं और उसका नेट रन रेट भी ठीक-ठाक है। अभी लीग स्टेज में आरसीबी को 6 और मैच खेलने हैं। अगर टीम इनमें से 3 मैच और जीत लेती है तो उसके 16 अंक हो जाएंगे और फिर प्लेऑफ में पहुंचना आसान हो जाएगा।
अब आरसीबी को इन टीमों से खेलने हैं मुकाबले
अगर आने वाले मैचों की बात करें तो 24 अप्रैल को आरसीबी अपने होम ग्राउंड बेंगलुरु में राजस्थान रॉयल्स से भिड़ेगी। इसके बाद 27 अप्रैल को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में उसका सामना दिल्ली कैपिटल्स से होगा।
3 मई को टीम फिर से बेंगलुरु लौटेगी और चेन्नई सुपरकिंग्स से भिड़ेगी, जो अब लगभग प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है। 9 मई को आरसीबी का मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) से होगा, और ये मैच विरोधी टीम के मैदान पर खेला जाएगा। इसके बाद 13 मई को बेंगलुरु में ही आरसीबी की टक्कर सनराइजर्स हैदराबाद से होगी। आखिरी लीग मैच 17 मई को कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ बेंगलुरु में ही खेला जाएगा।
घरेलू मैदान पर दर्ज करनी होगी जीत
बेंगलुरु में जीत हासिल करना आरसीबी के लिए बहुत जरूरी है। आने वाले छह मैचों में से आरसीबी को कई मुकाबले अपने होम ग्राउंड बेंगलुरु में खेलने हैं। सुनने में तो यह टीम के लिए फायदेमंद लगता है, लेकिन इस बार की कहानी कुछ और ही है। इस सीजन में आरसीबी ने अब तक बेंगलुरु में तीन मैच खेले हैं और एक भी मैच जीत नहीं पाई है।
अगर आरसीबी को प्लेऑफ में पहुंचना है तो उसे अपने घर के मैच जीतना बहुत जरूरी है। अगर टीम इन मैचों में हार जाती है, तो टॉप 4 में पहुंचना मुश्किल हो सकता है और प्लेऑफ का सपना अधूरा रह सकता है।