IPL 2025 GT vs LSG: आईपीएल 2025 में बीती रात गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मैच खेला गया। इस मैच में ऋषभ पंत की एलएसजी ने टेबल टॉपर शुभमन गिल की गुजरात टाइटंस को 33 रन से हराया। इस मैच में एलएसजी के बल्लेबाजों ने गुजरात के गेंदबाजों की जमकर पिटाई की। वहीं हार के बाद कप्तान शुभमन गिल थोड़े निराश दिखे और उन्होंने हार का कारण बताया।
हार के बाद क्या बोले शुभमन गिल?
एलएसजी से मिली हार के बाद गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने कहा “हमने गेंदबाजी में 15-20 रन ज्यादा दिए। उन्हें 210 के आसपास रोकना चाहते थे। 210 और 230 के बीच बहुत बड़ा अंतर है। हमने पावरप्ले में अच्छी गेंदबाजी की, कोई विकेट नहीं मिला, लेकिन 14 ओवर में पावरप्ले के बाद उन्होंने लगभग 180 रन बनाए जो बहुत ज्यादा थे।”
आगे गिल ने कहा “हम 17वें ओवर तक खेल में बने हुए थे, 240 का पीछा करना कभी भी आसान नहीं था। हमारे लिए बहुत सारी सकारात्मक बातें हैं रदरफोर्ड और शाहरुख की बल्लेबाजी एक बड़ा प्लस पॉइंट थी। कुछ लय हासिल करना महत्वपूर्ण होगा, प्लेऑफ में जाने से पहले जीत की राह पर वापस जाना चाहेंगे।”
मिचेल मार्श ने ठोका शतक
इस मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स की तरफ से सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श ने कमाल की बल्लेबाजी करते हुए शतक ठोका। इस में मार्श के बल्ले से 64 गेंदों पर 117 रन निकले, जिसमें 10 चौके और 8 छक्के शामिल थे। उनकी इस शानदार पारी के चलते मार्श को प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।
202 रन ही बना पाई गुजरात टाइटंस
एलएसजी ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 235 रन बनाए थे। जिसके जवाब में गुजरात की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 202 रन ही बना पाई थी। गुजरात की तरफ से इस मैच में शाहरुख खान ने सबसे ज्यादा 57 रन की पारी खेली थी।
ये भी पढ़ें:- 3 बल्लेबाजों ने ठोके शतक, पहले दिन बना दिए 498 रन, भारत दौरे से पहले इंग्लैंड ने मचाया हाहाकार