IPL 2025 Rajasthan Royals: आईपीएल 2025 के बीच में एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। न्यूज 24 को सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राजस्थान रॉयल्स की टीम में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। राजस्थान टीम में मौजूद युवा भारतीय क्रिकेटर मैनजेटमेंट के फैसले से खासा नाखुश है। यंग प्लेयर का गुस्सा रियान पराग के हाथों में कप्तानी दिए जाने को लेकर है। राजस्थान का प्रदर्शन इंडियन प्रीमियर लीग के 18वें सीजन में कुछ खास नहीं रहा है। 5 मैचों में से टीम को तीन में हार का मुंह देखना पड़ा है, जबकि राजस्थान के रजवाड़ों ने दो मुकाबले में जीत का स्वाद चखा है।
राजस्थान के खेमे में सबकुछ ठीक नहीं?
राजस्थान रॉयल्स के खेमे में सबकुछ शायद ठीक नहीं चल रहा है। न्यूज 24 को मिली जानकारी के मुताबिक, राजस्थान टीम में मौजूद युवा इंडियन क्रिकेटर आईपीएल 2025 के बीच में ही टीम का साथ छोड़ना चाहता है। युवा खिलाड़ी टीम मैनेजमेंट के फैसले से खफा है। दरअसल, राजस्थान के नियमित कप्तान संजू सैमसन पहले तीन मैचों में प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं रहे थे, जिसके चलते टीम की कमान रियान पराग के हाथों में सौंप दी गई है। सूत्रों के अनुसार, रियान को कप्तान बनाए जाने के निर्णय से ही यह युवा खिलाड़ी खफा है और वह बीच सीजन में ही टीम से अपनी राहें जुदा करना चाहता है। माना जा रहा है कि भारतीय क्रिकेटर की चाहत थी कि रियान की जगह राजस्थान की कप्तानी की जिम्मेदारी उसे मिले।
राजस्थान के रजवाड़े कर रहे संघर्ष
राजस्थान रॉयल्स का प्रदर्शन आईपीएल 2025 में कुछ खास नहीं रहा है। टीम ने इस सीजन अब तक खेले 5 मैचों में से तीन में हार का मुंह देखा है, जबकि 2 मैचों में ही राजस्थान को जीत नसीब हुई है। आखिरी मुकाबले में राजस्थान के रजवाड़ों को गुजरात टाइटंस के खिलाफ 58 रनों से हार झेलनी पड़ी थी। बल्लेबाजी में यशस्वी जायसवाल का बल्ला सिर्फ एक ही मैच में चल सका है। नीतीश राणा भी उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हैं। पिछले सीजन बल्ले से जमकर गदर मचाने वाले रियान पराग का बल्ला भी इस सीजन खामोश ही रहा है। गेंदबाजी में तुषार देशपांडे और संदीप शर्मा की खूब धुनाई हुई है। वहीं, स्पिन विभाग में महेश तीक्षणा भी अपनी छाप छोड़ने में नाकाम रहे हैं।