India vs England 5th Test: भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवां और सीरीज का आखिरी टेस्ट मैच लंदन के ओवल स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 रनों से जीत हासिल की। जिसके चलते 5 मैचों की ये सीरीज 2-2 की बराबरी पर खत्म हुई। हालांकि ओवल टेस्ट में इंग्लैंड की हार का अंतर कम हो सकता था, लेकिन अंपायर के चलते ऐसा हो न सका। इस रोमांचक मैच में पांचवें दिन फील्ड अंपायर भी थोड़े दबाव में दिख रहे थे।
दरअसल पांचवें दिन 81वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा की एक लेंथ वाली गेंद पर अंपायर अहसान रजा ने जॉश टंग को एल्बीडब्ल्यू आउट दे दिया था, जबकि इस गेंद पर उन्होंने भागकर एक रन ले लिया था। इसके बाद जॉश टंग ने रिव्यू लिया और थर्ड अंपायर ने उनको नॉटआउट पाया।
फिर फील्ड अंपायर अहसान रजा ने अपना फैसला बदला, लेकिन इस गेंद पर जॉश टंग ने जो रन लिया था वो माना नहीं गया। अगर उस गेंद पर जॉश टंग को अंपायर द्वारा एल्बीडब्ल्यू आउट नहीं दिया जाता तो इंग्लैंड के खाते में 1 रन और जुड़ जाता है।
सिराज-कृष्णा ने बरपाया कहर
ओवल टेस्ट में मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए इंग्लिश टीम को घुटने टेकने पर मजबूर किया। एक समय मैच में इंग्लैंड की टीम काफी मजबूत दिख रही थी, लेकिन पांचवें दिन इन दोनों गेंदबाजों ने पूरा मैच ही पलट दिया और जीत टीम इडिया की झोली में डाल दी। इस मैच में गेंदबाजी करते हुए सिराज ने 9 और प्रसिद्ध कृष्णा ने 8 विकेट हासिल किए। सिराज ने दूसरी पारी में 5 विकट चटकाए थे। उनके इस शानदार प्रदर्शन के चलते मोहम्मद सिराज को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।