India vs England 2nd Test: टीम इंडिया दूसरे टेस्ट मैच से पहले बर्मिंघम में जमकर प्रैक्टिस कर रही है। पहले मैच में मिली हार के बाद शुभमन गिल की अगुवाई वाली भारतीय टीम दूसरे मैच को जीतकर सीरीज में 1-1 की बराबरी करना चाहेगी। दूसरा मैच 2 जुलाई से बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में खेला जाएगा। उससे पहले टीम इंडिया के प्रैक्टिस सेशन में पंजाब किंग्स के स्पिन गेंदबाज को देखा गया, जो वाशिंगटन सुंदर के साथ भारतीय बल्लेबाजों को गेंदबाजी कर रहा था हालांकि इस खिलाड़ी का नाम टीम स्क्वाड में भी नही है। इस खिलाड़ी की नेट में गेंदबाजी की तस्वीरें सामने आने के बाद टीम इंडिया में बड़े बदलाव की अटकलें लगाई जा रही है।
टीम इंडिया के प्रैक्टिस सेशन में हरप्रीत बरार
पंजाब किंग्स के स्पिम गेंदबाज हरप्रीत बरार को टीम इंडिया के प्रैक्टिस सेशन में देखा गया। जहां वे बल्लेबाजों को स्पिन गेंद की प्रैक्टिस करा रहे थे। हालांकि इस दौरान उन्होंने टीम इंडिया की ऑफिशियल प्रैक्टिस किट नहीं पहन रखी थी, जिससे संकेत मिलता है कि उन्हें दूसरे टेस्ट मैच के लिए भारतीय बल्लेबाजों की मदद करने के लिए प्रैक्टिस के दौरान मैदान पर आमंत्रित किया गया था। अभी तक बरार को टीम इंडिया के लिए डेब्यू करने का मौका नहीं मिला है। उनके इस वीडियो को सोशल मीडिया पर पंजाब किंग्स ने भी शेयर किया है।
प्लेइंग इलेवन में होगा बदलाव!
पहले मैच में जसप्रीत बुमराह को खेलते हुए देखा गया था, जिसमें उन्होंने 5 विकेट अपने नाम किए थे। अब रिपोर्ट सामने आ रही है कि वर्कलोड के चलते बुमराह को दूसरे टेस्ट मैच से आराम दिया जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो फिर अर्शदीप सिंह को टीम इंडिया के लिए अपना टेस्ट डेब्यू करने का मौका मिल सकता है।
अर्शदीप सिंह को पहली बार टीम इंडिया में शामिल किया गया है, लेकिन पहले टेस्ट मैच की प्लेइंग इलेवन से उनको बाहर रखा गया था। दूसरी तरफ प्लेइंग इलेवन में कुलदीप यादव की भी एंट्री होती हुई दिखाई दे सकती है। पहले मैच में रवींद्र जडेजा गेंदबाजी में कुछ खास कमाल नहीं कर पाए थे, जिसके चलते दूसरे मैच की प्लेइंग इलेवन से जडेजा को बाहर रखा जा सकता है।