IND vs SL Cricket Series: भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे 3 मैचों की टी20 क्रिकेट सीरीज में भारत ने विजयी आगाज किया है। पहले मैच में टीम इंडिया ने 43 रन से जीत हासिल कर सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है। दोनों टीमों के बीच आज शाम 7 बजे (भारतीय समयानुसार) दूसरा टी20 मैच खेला जाएगा। इस मैच को जीतकर भारत सीरीज को अपने नाम करना चाहेगा।
वहीं, चरिथ असलांका की अगुआई वाली श्रीलंका क्रिकेट टीम भी इस मैच को जीतकर सीरीज में बराबरी करने की कोशिश करेगी। टीम इंडिया ने अपने नए कप्तान सूर्यकुमार यादव और कोच गौतम गंभीर के नेतृत्व में अपनी पहली परीक्षा पास की है। पहले मैच में जीत हासिल करने के बाद भी क्या टीम इंडिया दूसरे मैच में अपनी प्लेइंग-11 में कोई बदलाव करेगी, ये सवाल सभी क्रिकेट फैंस के मन में उठ रहे हैं।
कैसा रहा खिलाड़ियों का प्रदर्शन
श्रीलंका के खिलाफ पहले मैच में टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया। पारी की शुरुआत करने आए टीम इंडिया के उपकप्तान शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल ने पहले विकेट के लिए लाजवाब साझेदारी की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 6 ओवर में 74 रन जोड़े। हालांकि, इसी 74 रन के स्कोर पर दोनों ने अपने विकेट गंवा दिए। इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने ताबड़तोड़ पारी खेलते हुए महज 26 गेंदों पर ही 58 रन बना डाले। वहीं, विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत अर्धशतक जड़ने से महज 1 रन से चूक गए। ऋषभ पंत ने 33 गेंदों पर 49 रन बनाए। युवा बल्लेबाज रियान पराग बल्ले से नाकाम रहे लेकिन उन्होंने गेंदबाजी में कमाल का प्रदर्शन किया और टीम इंडिया को जीत दिलाने में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ये दो बल्लेबाज रहे फ्लॉप
टीम इंडिया ने इस मैच में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 213 रन का बड़ा स्कोर बनाया। हालांकि, टीम के स्टार फिनिशर माने जाने वाले रिंकू सिंह और दिग्गज ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या का बल्ला इस मैच में खामोश रहा। हार्दिक पांड्या ने 10 गेंद पर 9 रन बनाकर अपना विकेट गंवाया तो वहीं, रिंकू सिंह ने महज 1 रन पर ही अपना विकेट खो दिया। हार्दिक पांड्या बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में भी फ्लॉप रहे। उन्होंने 4 ओवर में 41 रन लुटाए और उन्हें कोई भी सफलता नहीं मिली।
क्या हार्दिक पांड्या होंगे प्लेइंग-11 से बाहर
टीम इंडिया के पास बेंच पर शिवम दुबे और वाशिंगटन सुंदर जैसे विकल्प मौजूद हैं। शिवम दुबे ने टी20 वर्ल्ड कप तो वाशिंगटन सुंदर ने जिम्बाब्वे दौरे पर बेहतरीन खेल दिखाया था। गौतम गंभीर और सूर्यकुमार यादव की जोड़ी एक ही मैच में हार्दिक पांड्या के प्रदर्शन को देखकर उन्हें प्लेइंग-11 से बाहर करे इसके आसार कम ही हैं। खासतौर पर जब भारत ने ये मुकाबला जीता हो। लेकिन, टीम इंडिया अपनी गेंदबाजी को मजबूती देने के लिए वाशिंगटन सुंदर या शिवम दुबे को प्लेइंग-11 में शामिल भी कर सकती है। इस दौरान देखना दिलचस्प होगा कि टीम किस खिलाड़ी की जगह इन्हें मौका देगी। फिलहाल उम्मीद यही है कि हार्दिक पांड्या और रिंकू सिंह को दूसरे टी20 मैच में भी मौका मिलेगा।
ये भी पढ़ें: Paris Olympics 2024: पहले दिन कैसा रहा भारत का प्रदर्शन, किस-किस से मेडल की उम्मीद? यहां देखें हर अपडेट
दूसरे मैच के लिए संभावित प्लेइंग-11
भारत: यशस्वी जयसवाल, शुभमन गिल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रियान पराग, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज
श्रीलंका: पथुम निसांका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), कुसल परेरा, कामिंदु मेंडिस, चरिथ असलांका (कप्तान), दासुन शनाका, वानिंदु हसरंगा, महेश थीक्षाना, मथीशा पथिराना, असिथा फर्नांडो और दिलशान मदुशंका