IND vs SA: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाली 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो गया है. टीम की कप्तानी केएल राहुल को दी गई है. जबकि शुभमन गिल बाहर हो गए हैं. उन्हें साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए पहले टेस्ट मैच में गर्दन में ऐंठन हो गई थी, जिसके बाद वह बाहर हो गए थे. अब वह वनडे सीरीज से भी बाहर हो गए हैं. उनकी जगह केएल राहुल को कप्तानी मिली है.
केएल राहुल को मिली जिम्मेदारी
केएल राहुल लंबे समय बाद भारतीय टीम की कप्तानी संभालेंगे. इसके अलावा रोहित शर्मा और विराट कोहली को भी टीम में शामिल किया गया है, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई 3 मैचों की वनडे सीरीज में भाग लिया था. दोनों खिलाड़ी अब भारतीय सरजमीं पर भी नजर आने वाले हैं.
गायकवाड़ की हुई वापसी
रुतुराज गायकवाड़ ने भारत के लिए आखिरी मुकाबला दिसंबर 2023 में खेला था. लगभग 23 महीने बाद उनकी वापसी टीम इंडिया में हुई है. गायकवाड़ ने हाल ही में इंडिया A के लिए शानदार प्रदर्शन किया था. उन्होंने शतक के अलावा अर्धशतक भी अपने नाम किया था. ऐसे में शानदार प्रदर्शन का इनाम उन्हें मिला. इसके अलावा रवींद्र जडेजा को भी मौका मिला है, जिन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई 3 मैचों की वनडे सीरीज में शामिल नहीं किया गया था. इसके अलावा तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को भी मौका नहीं मिला है. वह लगातार घरेलू क्रिकेट में शानदार खेल दिखा रहे हैं. इसके अलावा जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज को भी आराम दिया गया है. 3 मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 30 नवंबर को खेला जाएगा.
भारत की वनडे टीम: रोहित शर्मा, यशस्वी जयसवाल, विराट कोहली, तिलक वर्मा, केएल राहुल (कप्तान) (विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, नितीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, रुतुराज गायकवाड़, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, ध्रुव जुरेल.