Add News24 as a Preferred Source Add news 24 as a Preferred Source

---विज्ञापन---

खेल

IND vs ENG: एजबेस्टन में जडेजा-गिल का बड़ा कमाल, ‘डबल सेंचुरी’ के साथ लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी

IND vs ENG: एजबेस्टन में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में टीम इंडिया के लिए रवींद्र जडेजा और शुभमन गिल ने कमाल की पारी खेलीं। इसी के साथ दोनों ने छठे विकेट के लिए 203 रन जोड़े और कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए।

Author
Written By: News24 हिंदी Updated: Jul 3, 2025 17:57
Shubman Gill and Ravindra Jadeja
Shubman Gill and Ravindra Jadeja

IND vs ENG: टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे बर्मिंघम टेस्ट में भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिल रहा है। कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई में टीम इंडिया के बल्लेबाजी क्रम ने दूसरे दिन के पहले सेशन में 109 रन जोड़े। एजबेस्टन के मैदान पर एक बार फिर से ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा का बल्ला गरजता हुआ दिखा। उन्होंने इंग्लिश गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और पहले दिन 41 रन बनाए। इसके बाद दूसरे दिन उन्होंने शानदार आगाज करते हुए पारी को आगे बढ़ाया। लंच से कुछ समय पहले ही वो टंग का शिकार बने लेकिन इससे पहले उन्होंने 137 गेंदों में 89 रनों की खास पारी खेली। छठे विकेट के लिए जडेजा और गिल के बीच एक रिकॉर्ड साझेदारी हुई।

एजबेस्टन में छठे विकेट के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी

भारत की तरफ से एजबेस्टन के मैदान पर ये छठे या उससे नीचे के विकेट के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी रही। गिल और जडेजा ने मिलकर 203 रनों की मैराथन साझेदारी की है। इससे पहले पिछले इंग्लैंड के टूर पर भी एजबेस्टन के मैदान पर जडेजा ने कमाल का शतक जड़ा था और ऋषभ पंत के साथ 222 रन जोड़े थे। उस साझेदारी के दौरान जडेजा ने शतक जड़ा था। अगर वो इस मैच में शतक जड़ देते तो भारत के लिए एजबेस्टन में 2 शतक जड़ने वाले इकलौते खिलाड़ी बन जाते।

शुभमन गिल ने खेल रहे कप्तानी पारी

इंग्लैंड का ये दौरा टीम इंडिया के युवा कप्तान शुभमन गिल के लिए सबसे अहम था। बदलते दौर के साथ कप्तानी का भार संभालना हर किसी खिलाड़ी के हक में नहीं जाता लेकिन गिल ने अभी तक प्रेशर में कमाल की बल्लेबाजी कर के दिखाई है। पहले मैच में शतक ठोकने के बाद दूसरे मैच में भी उन्होंने शतक जड़ा। इसी के साथ 46 सालों में इंग्लैंड में 150+ का स्कोर बनाने वाले पहले भारतीय कप्तान बन गए हैं।

बर्मिंघम में मजबूत स्थिति में भारत

भारतीय बल्लेबाजों ने एजबेस्टन की पिच पर इंग्लैंड के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दी हैं। पहले यशस्वी जायसवाल ने 107 गेंदों में 87 रनों की पारी खेली। इसके बाद जडेजा और गिल ने भी बल्ले से कमाल दिखाया। शुभमन गिल और वाशिंगटन सुंदर लंच तक क्रीज पर खड़े हैं। टीम इंडिया का स्कोर 6 विकेट पर 419 रन है।

ये भी पढ़िए- 7 साल तक IPL स्पॉट फिक्सिंग मामले में झेला बैन, खाई जेल की ‘हवा’, मुंबई ने बना दिया कोच

First published on: Jul 03, 2025 05:57 PM

संबंधित खबरें