IND vs AFG: प्रसिद्ध कृष्णा ने रचा इतिहास, चेपॉक में 'फाइफर' लेकर बनाया नया कीर्तिमान

IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए तीसरे और आखिरी वनडे मैच में तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने 5 विकेट हॉल हासिल किया. यह उनके वनडे करियर का पहला पांच विकेट हॉल रहा. इसी के साथ उन्होंने एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है.

Prasidh Krishna (Image generated by AI)

Prasidh Krishna (Image generated by AI)

India vs Afghanistan, Prasidh Krishna: अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे मुकाबले में भारतीय तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके और इतिहास रच दिया. चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में खेले गए इस मुकाबले में प्रसिद्ध ने अफगान बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर दिया और अपने वनडे करियर का पहला 5 विकेट हॉल हासिल किया. इसी के साथ उन्होंने वो कारनामा कर दिखाया जो अब तक कोई भारतीय खिलाड़ी नहीं कर सका था.

विज्ञापन

प्रसिद्ध कृष्णा ने खोला पंजा

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान टीम को प्रसिद्ध कृष्णा ने शुरुआत से ही दबाव में रखा. उन्होंने टीम के विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज को सिर्फ 5 रन पर आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई. इसके बाद उन्होंने रहमत शाह (5), इब्राहिम जादरान (11), दरविश रसूली (1) और शतक लगाने वाले कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी (102) को भी पवेलियन भेजा.

विज्ञापन

कृष्णा ने 8.2 ओवर की गेंदबाजी में 2 मेडन ओवर डाले और महज 23 रन खर्च करते हुए 5 विकेट अपने नाम किए. उनकी सटीक लाइन-लेंथ और अतिरिक्त उछाल का अफगान बल्लेबाजों के पास कोई जवाब नहीं था.

चेपॉक में 5 विकेट हॉल लेने वाले पहले भारतीय

प्रसिद्ध कृष्णा ने अपने पहले 5 विकेट हॉल के साथ चेपॉक के इतिहास में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया है. प्रसिद्ध अब वनडे फॉर्मेट में चेपॉक के मैदान पर 5 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं. उनसे पहले सिर्फ दुनिया के सिर्फ दो गेंदबाज वेस्टइंडीज के रवि रामपॉल और पाकिस्तान के आकिब जावेद ही इस मैदान पर पांच विकेट हॉल ले पाए थे.
इतना ही नहीं, वह सिर्फ दूसरे भारतीय गेंदबाज हैं, जिन्होंने 4 या उससे अधिक विकेट लेने का कारनामा किया है. उनसे पहले साल 2002 में अजीत आगरकर ने इंग्लैंड के खिलाफ 34 रन देकर 4 विकेट हासिल किए थे.

विज्ञापन

चेपॉक में वनडे में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़े

अफगानिस्तान के खिलाफ प्रसिद्ध कृष्णा ने 23 रन देकर 5 विकेट झटके, जो इस मैदान पर वनडे में किसी भी गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के रवि रामपॉल के नाम था, जिन्होंने 2011 में भारत के खिलाफ 51 रन देकर 5 विकेट लिए थे. वहीं, पाकिस्तान के आकिब जावेद ने 1997 में भारत के खिलाफ 61 रन देकर 5 विकेट चटकाए थे.

चेन्नई में वनडे में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़े

  • 5/23 प्रसिद्ध कृष्णा बनाम अफगानिस्तान, 2026
  • 5/51 रवि रामपॉल बनाम भारत, 2011
  • 5/61 आकिब जावेद बनाम भारत, 1997

पावरप्ले में भी बनाया बड़ा रिकॉर्ड

प्रसिद्ध ने अपने शुरुआती 5 ओवरों में 2 मेडन के साथ सिर्फ 6 रन दिए और 4 विकेट हासिल कर लिए थे. इसके साथ ही वह वनडे क्रिकेट के पहले 10 ओवरों में कम से कम 4 विकेट लेने वाले भारत के छठे गेंदबाज बन गए. उनसे पहले मोहम्मद सिराज, जवागल श्रीनाथ, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं. इस सूची में मोहम्मद सिराज अकेले ऐसे भारतीय गेंदबाज हैं, जिन्होंने पावरप्ले में 5 विकेट लेने का कारनामा किया है.

विज्ञापन

प्रसिद्ध कृष्णा का शानदार वनडे करियर

प्रसिद्ध कृष्णा ने साल 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू किया था. तब से लेकर अब तक वह भारतीय टीम के अहम तेज गेंदबाजों में शामिल हो चुके हैं. उन्होंने भारत के लिए 25 वनडे मैचों में 45 विकेट हासिल किए हैं. इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 25.78 और इकॉनमी रेट 5.91 रही है. वनडे क्रिकेट में यह उनका पहला 5 विकेट हॉल है, जबकि इससे पहले वह तीन बार 4 विकेट लेने का कारनामा भी कर चुके हैं.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Sanjeet

Sanjeet

संजीत कुमार News24 Hindi में सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रहे है. संजीत ने अपने करियर की शुरुआत अगस्त 2020 में की थी. वह मुख्य रूप से क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी और ओलंपिक खेलों में रुचि रखते हैं और खबरें लिखते हैं. संजीत अब तक आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप से लेकर ओलंपिक तक कई बड़े टूर्नामेंट्स कवर कर चुके हैं. उन्होंने वनडे वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, आईपीएल, प्रो कबड्डी लीग कवर किया है. कितने साल का अनुभव: 4 साल डिग्री: शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उन्होंने बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU), वाराणसी से मास्टर्स इन जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री प्राप्त की है. इसके अलावा, उन्होंने मगध यूनिवर्सिटी, बोधगया से फिजिक्स ऑनर्स से B.Sc किया है. विशेषज्ञता: क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी और ओलंपिक खेल पिछला अनुभव: संजीत ने अपने करियर की शुरुआत Prabhat Khabar के साथ अगस्त 2020 में की थी, जहां उन्होंने 1 साल काम किया. प्रभात खबर में रहते हुए उन्होंने राइटिंग के साथ-साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग भी की. उसके बाद उन्होंने SportzWiki हिंदी में एक साल से अधिक समय तक काम किया. जनवरी 2025 से वह न्यूज24 हिंदी के साथ सब एडिटर के रूप में जुड़े हुए हैं.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ